जिला

जल संचय जन भागीदारी (JSJB 2.0) पर जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न, वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर मंथन

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली । जल संसाधनों के संरक्षण एवं सतत प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में जल संचय जन भागीदारी (JSJB 2.0) विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले की जल संसाधन स्थिति, जल बजट, भू-जल स्तर के प्रभाव, जल दोहन की स्थिति तथा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिले की जल संसाधन स्थिति का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए जल उपलब्धता, जल उपयोग और भू-जल स्तर में हो रहे परिवर्तनों की जानकारी दी गई। साथ ही JSJB 2.0 पोर्टल के माध्यम से ग्राम स्तर पर जल बजट तैयार करने तथा जल संरक्षण कार्यों की निगरानी की प्रक्रिया से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। 
बैठक में बताया गया कि JSJB 2.0 अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से जल संरक्षण को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जल संसाधन, वन विभाग, कृषि विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा नगरीय निकाय सहित अन्य विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
______________
- कलेक्टर  कुंदन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल संचय जन भागीदारी (JSJB 2.0) के माध्यम से जनसहभागिता को बढ़ावा देते हुए जल संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयास करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
______________
- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि JSJB 2.0 के माध्यम से ग्राम स्तर पर जल बजट तैयार कर जल संसाधनों का वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि VB-GRAM-G के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तैयार करते समय जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
______________
- कार्यक्रम में जल एवं पर्यावरण संरक्षण विशेषज्ञ नीरज वानखड़े ने वर्षा जल संचयन एवं भू-जल पुनर्भरण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोख्ता पिट, मैजिक रिचार्ज पिट जैसी संरचनाओं के निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन संरचनाओं का निर्माण घरों, विद्यालयों और सामुदायिक स्थलों पर जनभागीदारी से किया जा सकता है, जिससे जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।  वानखड़े को जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “वॉटर हीरो – जल प्रहरी” सम्मान किओया जा चूका है।
______________
जिले में 24 क्लस्टरों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान- 
जिले में जल संचय जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत लोगों को जागरूक करने के लिए 24 क्लस्टरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में श्री नीरज वानखड़े द्वारा ग्रामीणों को जल संरक्षण के उपायों की जानकारी दी जाएगी तथा विभिन्न संरचनाओं के निर्माण की विधि का भी व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यशाला में कलेक्टर, वनमण्डलाधिकारी, उप संचालक एटीआर, जिला पंचायत सीईओ, कार्यपालन अभियंता आरईएस, कार्यपालन अभियंता पीएचई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण से संबंधित केस स्टडी भी प्रस्तुत की गई तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
______________

Leave Your Comment

Click to reload image