जिला

प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति छात्रावास से 12 वर्षीय बालक लापता, प्रबंधन पर उठे सवाल

जांजगीर-चांपा।
जिले के मुख्यालय स्थित प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कल्याण छात्रावास से एक 12 वर्षीय छात्र के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार छात्रावास में रहने वाला 12 वर्षीय राम दिन पटेल बीती रात करीब 3 से 4 बजे के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। हैरानी की बात यह है कि छात्रावास से बालक के बाहर जाने की घटना किसी ने देखी नहीं और न ही किसी सीसीटीवी कैमरे में उसकी कोई गतिविधि दर्ज हुई।
घटना के बाद परिजनों में चिंता और मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि लापता होने के बाद बालक खुद को विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन में पाया। जब उसे होश आया तो उसने अपने परिजनों को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग तुरंत विशाखापट्टनम के लिए रवाना हो गए।
इस पूरे मामले में छात्रावास प्रबंधन का कहना है कि बालक देर रात टॉयलेट गेट की ओर से दीवार कूदकर भाग गया। हालांकि यह दावा कई सवाल खड़े करता है कि आखिर एक 12 साल का बच्चा इतनी सुबह छात्रावास से बाहर कैसे निकल गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रावास में इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। करीब एक साल पहले भी इसी तरह की संदिग्ध घटना सामने आई थी, जिसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं किया गया।
अब इस घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave Your Comment

Click to reload image