निर्माणाधीन पीएम श्री और स्वामी आत्मानंद स्कूलों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति और गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को मुंगेली और लोरमी विकासखंड में निर्माणाधीन पीएम श्री तथा स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और गुणवत्ता में कमी पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के साथ मोतिमपुर (अमरटापू) में निर्माणाधीन पीएम श्री विद्यालय का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लैब, लाइब्रेरी, कक्षाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पीएम श्री योजना के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर विद्यालय की शिफ्टिंग जल्द से जल्द कराने के लिए भी कहा।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने एसडीओ सहित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने लोरमी विकासखंड के लालपुर धाम में स्वर्गीय अंजोरदास पाटले स्वामी आत्मानंद विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि शिक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विद्यालयों के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण में खराब गुणवत्ता पाई गई तो संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वामी आत्मानंद स्कूल लोरमी का भी दौरा किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता, एसडीओ और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की समय पर रिपोर्टिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री द्वारा इन नए स्कूल भवनों का उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में सभी निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और भव्यता के साथ समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाने चाहिए।
बच्चों से किया संवाद, टीचर बनकर समझाए गणित के सवाल
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय लोरमी में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने बच्चों से गणित के प्रश्न पूछे और स्वयं शिक्षक की तरह बोर्ड पर सवाल हल कर उन्हें समझाया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी चर्चा की और उन्हें मोबाइल से दूरी बनाकर पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।