जिला

सारंगढ़ में होटल और दुकानों की जांच, खाद्य सुरक्षा टीम की सख्ती जारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। होली एवं आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों, होटलों और किराना दुकानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान मिलावटी और मानकहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभागीय टीम ने मंगलवार को सारंगढ़ शहर के विभिन्न प्रमुख मिठाई दुकानों, होटलों और किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों, बेसन, सूजी और विभिन्न प्रकार की दालों के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा, ताकि उनकी गुणवत्ता और शुद्धता की पुष्टि की जा सके। अधिकारियों ने दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति, खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था और पैकेज्ड उत्पादों पर अंकित लेबल की भी जांच की। जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समयावधि में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं किया गया तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि खुले में बिकने वाली और अत्यधिक रंग युक्त मिठाइयों व खाद्य पदार्थों से बचें, क्योंकि इनमें कृत्रिम रंगों का अधिक उपयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। खरीदारी के समय उत्पाद का लेबल, निर्माण तिथि, बैच नंबर और उपयोग की अंतिम तिथि (एक्सपायरी डेट) अवश्य जांचें। बिना लेबल या संदिग्ध पैकेजिंग वाले उत्पादों को खरीदने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image