निर्माण कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक में अफसरों को फटकार, नोटिस और वेतन रोकने के निर्देश
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति और गुणवत्ता में कमी पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्कूल-कॉलेज भवनों में देरी पर नाराजगी
बैठक में स्कूल और महाविद्यालय भवनों के निर्माण में हो रही देरी को गंभीर लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया। समय पर कार्य प्रारंभ नहीं करने और संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार्यपालन अभियंता (ईई), एसडीओ मुंगेली और सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, सब इंजीनियर सूर्य प्रकाश राजपूत का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए।
गोड़खाम्ही में भवन निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब पर कलेक्टर ने कहा कि समय पर काम पूरा होता तो विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल पाता।
सड़क निर्माण कार्यों की भी गहन समीक्षा
कलेक्टर ने प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति, भौतिक व वित्तीय प्रगति और कार्य पूर्णता की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। जिन सड़कों का कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है, उनके लिए जिम्मेदार ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग चौड़ीकरण, बोधापारा–बोड़तरा मार्ग, सरगांव–साकेत मार्ग मजबूतीकरण, बंधवा पुल–गोड़खाम्ही मार्ग, मुंगेली–परसवारा, हरदी–भस्करा, कंतेली–सूरजपुरा–डिंडौरी–कोयलारी, सरईपतेरा–हरदीबांध–उरईकछार और पथर्री–डिंडोरी मार्ग जैसे प्रमुख कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
गुणवत्ता के लिए मॉनिटरिंग टूल विकसित करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग टूल विकसित किए जाएं। नियमित निरीक्षण कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना अनिवार्य बताया गया।
---
नगरीय निकायों की समीक्षा
खराब गुणवत्ता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कलेक्टर ने नगरीय निकायों की अलग से समीक्षा बैठक लेकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निविदा प्रक्रिया और प्रगतिरत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और खराब कार्य पाए जाने पर अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लोरमी और मुंगेली नगर पालिका पर विशेष फोकस
लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में अधोसंरचना मद के स्वीकृत, पूर्ण और निर्माणाधीन कार्यों, पंडरिया रोड प्रवेश द्वार, अंबेडकर चौक, खेल परिसर सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई। निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक जटिलता और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लोरमी के सीएमओ और इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह मुंगेली नगर पालिका के विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी और ठेकेदार रहे मौजूद
बैठक में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित संबंधित अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे।