बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ कोटवार सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और सूचना तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला कलेक्टोरेट के जनदर्शन कक्ष में “बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’’ कोटवार सम्मान समारोह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार तथा जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्राम सुरक्षा में कोटवारों की भूमिका सराहनीय
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर सुरक्षा, सूचना संकलन और प्रशासन–पुलिस समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। जिलेभर से आए कोटवारों के योगदान की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नशा, साइबर अपराध पर नियंत्रण में अहम योगदान
पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने कहा कि “पहल” कार्यक्रम के तहत कोटवारों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे अपने दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं। नशा मुक्ति, साइबर फ्रॉड और अन्य अपराधों की रोकथाम में उनकी सक्रिय भूमिका प्रशंसनीय है।
उन्होंने सशक्त-सीजी पुलिस ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि ऐप के माध्यम से वाहन नंबर डालकर उसकी स्थिति जानी जा सकती है। साथ ही सभी थानों में लगाए गए क्यूआर कोड स्कैन कर आम नागरिक सीधे अपना फीडबैक दे सकते हैं।
प्रशासन को जमीनी स्तर से मिल रही सटीक जानकारी
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि जब मंशा साफ और कार्यप्रणाली में समर्पण होता है, तो परिणाम भी सकारात्मक आते हैं। उन्होंने जिले की उपलब्धियों में कोटवारों की सक्रिय भागीदारी को अहम बताया।
उन्होंने कहा कि कोटवारों के मजबूत सूचना तंत्र से प्रशासन को जमीनी स्तर की सटीक जानकारी समय पर मिल रही है। एसआईआर, धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्यों का शांतिपूर्ण और सफल संचालन प्रशासन–पुलिस–कोटवार समन्वय का उदाहरण है।
धान खरीदी में साइबर ठगी की एक भी शिकायत नहीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने बताया कि “पहल” कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर प्रशिक्षण को गांव-गांव तक पहुंचाया गया, जिसका परिणाम यह रहा कि पूरी धान खरीदी अवधि में भुगतान से जुड़ी साइबर ठगी की एक भी शिकायत सामने नहीं आई।
पर्यावरण संरक्षण में भी निभाई जिम्मेदारी
वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार ने कहा कि “पहल” कार्यक्रम ने कोटवारों को नई दिशा दी है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रमों में कोटवारों की भागीदारी उल्लेखनीय रही है।
सम्मान और स्मृति चिन्ह भेंट
कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को शॉल व डायरी प्रदान की गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोटवारों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर एवं मयंक तिवारी सहित बड़ी संख्या में कोटवार मौजूद रहे।