जिला

विशेष गहन पुनरीक्षण की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कलेक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर दी विस्तृत जानकारी

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली । जिले में निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की जानकारी दी। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की संपूर्ण प्रक्रिया, उसकी पारदर्शिता तथा विधिसम्मत क्रियान्वयन से अवगत कराया गया।

बैठक के दौरान प्रारंभिक प्रकाशन, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया, घर-घर सत्यापन अभियान, मृत मतदाताओं एवं स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही का विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया। सभी बिंदुओं पर चर्चा के उपरांत निर्वाचन नामावली की अंतिम सूची का विधिवत प्रकाशन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण घोषित किया गया। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची भी प्रदान की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 27 फरवरी से ईआरओ, एईआरओ, एएईआरओ एवं बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं सत्यापन किया गया। अनेक चुनौतियों के बावजूद निर्वाचन अमले ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य को समयबद्ध रूप से संपन्न किया। पुनरीक्षण के दौरान 17 हजार से अधिक मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जबकि 22 हजार से अधिक ऐसे मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए जो स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके थे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि स्थानांतरित मतदाताओं के नाम संबंधित नए निर्वाचन क्षेत्रों में विधिवत रूप से जोड़े जाएं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा यही है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और अपात्र नामों को हटाकर सूची को शुद्ध एवं अद्यतन रखा जाए।


---

उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मान से बढ़ा जिले का गौरव

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अतिरिक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी को उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में सम्मानित किए जाने पर जिले का गौरव बढ़ा। कलेक्टर ने इसे उनके कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता एवं निर्वाचन कार्यों के सफल संचालन का प्रतिफल बताया।


---

राजनीतिक दलों ने सराहा निर्वाचन अमले का प्रयास

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान अपने अनुभव साझा किए तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत और निष्पक्षता की सराहना की। कलेक्टर ने सभी राजनीतिक दलों एवं बीएलए के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय सहभागिता के बिना इतना व्यापक अभियान सफल नहीं हो सकता था।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी दलों ने निर्वाचन टीम को निष्पक्ष, पारदर्शी और जिम्मेदारी के साथ कार्य पूर्ण करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave Your Comment

Click to reload image