जिला

कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी में जनगणना को लेकर महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक सम्पन्न आगामी जनगणना की तैयारियों एवं कार्यप्रणाली की हुई समीक्षा

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली । जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में Directorate of Census Operations के संचालक कार्तिकेय गोयल द्वारा वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा एवं आगामी तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित जिले के समस्त ईआरओ, एईआरओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान डायरेक्टोरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशन्स के ज्वाइंट डायरेक्टर प्रदीप कुमार साव ने पूर्व में संपन्न जनगणना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने जनगणना की संपूर्ण कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार घर-घर सर्वेक्षण, प्रपत्रों का संकलन, आंकड़ों का सत्यापन एवं उनका सुरक्षित संधारण किया जाता है। साथ ही उन्होंने जनगणना के दौरान सामने आने वाली संभावित चुनौतियों, जैसे मैदानी अमले का प्रबंधन, समयबद्ध डेटा संकलन और सूचनाओं की शुद्धता, पर भी विस्तार से चर्चा की और उनके समाधान सुझाए।

बैठक में आगामी जनगणना को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समय-सीमा में संपन्न करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन, कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन, फील्ड स्टाफ की जिम्मेदारियों के स्पष्ट निर्धारण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि तकनीक के अधिकतम उपयोग से जनगणना की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को और बेहतर बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आंकड़ों के आधार पर शासन की अनेक कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को गंभीरता, सजगता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए प्रारंभिक तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और मानवबल की योजना समय रहते सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर करें, ताकि आगामी जनगणना कार्य जिले में सुचारु, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave Your Comment

Click to reload image