अतिक्रमण हटाने के दरम्यान बथानपारा में बवाल
सूरजपुर । जिले के लटोरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज के बथानपारा में करीब 100 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही विरोध तेज हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। उग्र भीड़ ने जेसीबी और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों पर ताबड़तोड़ पथराव किया, जिससे शासकीय वाहन के शीशे टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ अवैध कब्जे हटाने सुंदरगंज पहुंची थी। कार्रवाई प्रारंभ होते ही अतिक्रमण किए हुए ग्रामीण एकजुट होकर विरोध पर उतर आए। पहले नारेबाजी हुई, फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हालात नियंत्रण से बाहर होते नजर आए।स्थिति तब और बिगड़ गई जब अतिक्रमण हटाने का समर्थन कर रहे ग्रामीण और कब्जाधारियों के बीच भी आमना-सामना हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। कई लोग चोटिल होने की भी खबर है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मौके पर मौजूद राजस्व और पुलिस की टीम हालात संभालने में जुटी रही। अतिरिक्त बल तैनात कर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव अभी भी बरकरार है। वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों में इस कार्रवाई को लेकर आक्रोश बना हुआ है, जिससे आने वाले दिनों में माहौल और गरमाने की आशंका जताई जा रही है।