भाजपा युवा मोर्चा में संगठनात्मक फेरबदल, राकेश साहू बने मुंगेली जिलाध्यक्ष
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन ने युवा शक्ति को और अधिक सक्रिय व मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लिया है। भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत भाजपा युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री पदों की घोषणा की गई है। इसी क्रम में मुंगेली जिले की जिम्मेदारी राकेश साहू को सौंपी गई है, जिन्हें भाजपा युवा मोर्चा मुंगेली का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। घोषणा के बाद जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने राकेश साहू के संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में मुंगेली जिले में युवा मोर्चा और अधिक सशक्त होगा। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश साहू ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सौंपे गए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।नियुक्ति पर भाजपा नेताओं, युवा मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राकेश साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।