धान खरीदी में पारदर्शिता की मिसाल: कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व में 900 टन से अधिक अवैध धान जब्त
गोविंद राम ब्यूरो चीफ
बलौदाबाजार
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं किसानों के हित में बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सख्त निगरानी की गई। जिला कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर पूरे खरीदी सत्र के दौरान अवैध खपत एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
प्रशासन द्वारा गठित नोडल अधिकारी, उड़नदस्ता दल एवं विभिन्न चेक पोस्टों के माध्यम से लगातार जांच और कार्रवाई की गई। इस सघन अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बिचौलियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाइयां की गईं तथा 900 टन से अधिक अवैध धान जब्त किया गया। यह कार्रवाई जिले में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
जिला प्रशासन की इस मुहिम से यह स्पष्ट संदेश गया है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी में संलिप्त तत्वों पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे वास्तविक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सका।
कलेक्टर दीपक सोनी के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा की गई यह सख्त कार्रवाई न केवल जिले में बल्कि पूरे प्रदेश में एक उदाहरण के रूप में देखी जा रही है। अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन एवं निर्णय क्षमता के कारण श्री सोनी प्रशासनिक हलकों में व्यापक रूप से सराहे जाते हैं।
जिला प्रशासन की इस पहल से किसानों में विश्वास बढ़ा है और धान खरीदी व्यवस्था को लेकर पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।