कायाकल्प अवार्ड में पदमपुर पीएचसी की ऐतिहासिक सफलता, प्रथम प्रयास में 80% अंक कायाकल्प योजना में पदमपुर पीएचसी की उपलब्धि, टीमवर्क और प्रतिबद्धता का परिणाम
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । भारत सरकार की महत्वाकांक्षी कायाकल्प अवार्ड योजना के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुर ने मुंगेली जिले में प्रथम प्रयास में ही 80% अंक अर्जित कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नया मानक स्थापित किया है। यह उपलब्धि स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, रोगी सुविधाओं एवं सेवा गुणवत्ता में किए गए निरंतर और समर्पित प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वास्थ्य केंद्र को ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। यह सफलता चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों की टीमवर्क भावना, अनुशासन और जनसेवा के प्रति निष्ठा का परिणाम है।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा ने बताया कि कायाकल्प योजना का उद्देश्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और मरीजों के लिए अधिक संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सतत निगरानी, प्रभावी क्रियान्वयन और साझा प्रयासों से संभव हो सकी है।
यह सफलता न केवल पदमपुर पीएचसी का नाम रोशन करती है, बल्कि भविष्य में और बेहतर, मानवीय एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में प्रेरणास्रोत भी है।