खेल जीवन को अनुशासन और आत्मविश्वास देता है : चातुरी नंद
- पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय छिंद पाली (सरायपाली) में दो दिवसीय वार्षिक खेल दिवस समारोह का भव्य आयोजन
सरायपाली । सरायपाली अंचल के ग्राम छिंदपाली स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेल दिवस समारोह हर्षोल्लास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में सरायपाली विधानसभा की माननीय विधायक श्रीमती चातुरीनंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समारोह का शुभारंभ उप प्राचार्य श्री लोकनाथ कैवर्त द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ किया गया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर श्री गिरीशचंद्र बेहरा एवं श्रीमती गंगा साहू के निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रत्येक खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि विधायक चातुरी नंद द्वारा मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्रीमती चातुरीनंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि मानसिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य श्री लोकनाथ कैवर्त ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तन्मय पंडा, अधिकारी नायक, संजय साहू, शंकर चौहान (पूर्व सरपंच प्रतिनिधि), निर्मल बढ़ई, ओमप्रकाश चौहान, विभीषण चौहान, जयंत यादव, शिवम सहित समस्त विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।