जिला

वीडियो वायरल होने के बाद लिया गया बड़ा फैसला! हर विश्राम गृह में लगेगा CCTV कैमरा

वीडियो वायरल होने के बाद लिया गया बड़ा फैसला! हर विश्राम गृह में लगेगा CCTV कैमरा
वन विश्राम गृह से जुड़े कथित अश्लील डांस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ा फैसला लिया गया हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य के सभी वन निरीक्षण कुटीरों और वन विश्राम गृहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में 12 जनवरी 2026 को सभी मुख्य वन संरक्षकों और वनमंडल अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य के विभिन्न वन निरीक्षण कुटीरों और वन विश्राम गृहों में अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजनों का नियमित आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा, अनुशासन, संपत्ति संरक्षण और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की रोकथाम के लिए इन परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाया जाना आवश्यक है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि वन विश्राम गृहों और निरीक्षण कुटीरों में ठहरने वाले व्यक्तियों की पहचान अनिवार्य रूप से आधार कार्ड के माध्यम से की जाए और उसका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इससे अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी भी वन निरीक्षण कुटीर या वन विश्राम गृह में अनधिकृत प्रवेश या नियमों के उल्लंघन की घटना सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदार माने जाएंगे। ऐसे मामलों में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी

Leave Your Comment

Click to reload image