कांग्रेस नेता ने कलेक्ट्रेट में की आत्मदाह की कोशिश.
कांग्रेस नेता ने कलेक्ट्रेट में की आत्मदाह की कोशिश ,खुद पर उड़ेला पेट्रोल, कहा- अधिकारी नहीं कर रहे भवन निर्माण का पेमेंट,
मंत्री का दबाव
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा कलेक्ट्रेट में मंगलवार को कांग्रेस नेता और ठेकेदार ने सुसाइड की कोशिश की। उन्होंने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और माचिस से आग लगाने लगे। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों बीच-बचाव करते हुए माचिस छीन लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़ित का नाम आरिफ बाठिया है, जो कि पेशे से ठेकेदार हैं। इसके अलावा वे राजनीति में भी एक्टिव हैं। आरिफ बाठिया जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव रह चुके हैं। हालांकि, वर्तमान में जिला कांग्रेस कमेटी भंग हो गई है।
कांग्रेस नेता का आरोप है कि पिछले 2 सालों से नवागढ़ में कृषि भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिसका फाइनल पेमेंट 14 लाख रुपए के लिए बिल भी पेश किया गया है। लेकिन खाद्य मंत्री दयालदास का दबाव बताकर कृषि विस्तार अधिकारी राकेश चतुर्वेदी फाइनल पेमेंट नहीं कर रहे हैं।
इससे परेशान होकर आरिफ कलेक्ट्रेट में आत्मदाह करने पेट्रोल लेकर पहुंचे थे। जबकि कृषि विस्तार अधिकारी ने मंत्री दबाव वाले आरोप को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मंत्री का कोई दबाव नहीं है। घटना के बाद ठेकेदार को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।