प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत सुशासन सप्ताह शिविरों का समापन खेढ़ा, दाउकापा और रामबोड़ में 400 से अधिक आवेदनों का मौके पर निराकरण
विधायक व कलेक्टर ने किया शिविरों का अवलोकन, योजनाओं का लाभ दिलाने दिए निर्देश
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली। शासन के निर्देशानुसार प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिले में आयोजित सुशासन सप्ताह के अंतर्गत ग्राम खेढ़ा, दाउकापा एवं रामबोड़ में शिविरों का गुरुवार को समापन किया गया। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
ग्राम खेढ़ा में आयोजित समापन शिविर का अवलोकन विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना विलंब प्रदान किया जाए तथा शेष आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सुशासन सप्ताह का उद्देश्य – आमजन तक प्रशासन
विधायक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि आम जनता की समस्याएं गांव स्तर पर ही हल हों और लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने, नशामुक्त जीवन अपनाने तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि सुशासन सप्ताह का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी को कम करना है। गांवों में शिविर लगने से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
1700 से अधिक आवेदन, 420 का त्वरित निराकरण
तीनों ग्रामों में आयोजित शिविरों के दौरान 1700 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 420 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों का निराकरण नियमानुसार समय-सीमा में किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों की रही सहभागिता
शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पुलिस, शिक्षा, जल संसाधन, श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। हितग्राहियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, सामग्री एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी देकर लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सुशासन सप्ताह के शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का प्रभावी मंच साबित हुए।