चांपा में नवपदस्थ बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन से सौजन्य भेंट यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास व सुरक्षा मुद्दों पर हुई चर्चा
चांपा। जोनल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य कुलवन्त सिंह सलूजा, रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य मूलचंद गुप्ता, विक्रम तिवारी तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल सिंह ने नवपदस्थ बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन से चांपा के अल्प प्रवास में सौजन्य भेंट की और नवपदस्थ मंडल रेल प्रबंधक को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा रेल यात्रियों से जुड़े विभिन्न जनहितकारी विषयों पर चर्चा हुई।
इस दौरान प्रतिनिधियों ने बिलासपुर मंडल अंतर्गत स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म सुधार तथा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं महिला यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की गई।
जोनल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य कुलवंत सिंह सलूजा ने कहा कि रेल उपभोक्ताओं की समस्याओं को समय-समय पर प्रशासन तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है, जिससे रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
स्टेशन सलाहकार समिति के सदस्य मूलचंद गुप्ता और विक्रम तिवारी ने बताया कि चांपा रेलवे स्टेशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने और स्टेशन की सफाई व्यवस्था को ठीक कराने का सुझाव दिया।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल सिंह ने यात्रियों की सुरक्षा, महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित वातावरण, तथा असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण हेतु रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी के साथ समन्वय को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि रेलवे प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने सलाहकार समिति के सदस्यों को बिलासपुर आमंत्रित किया और कहा है कि चाम्पा स्टेशन की अन्य सुविधाओं पर व्यापक चर्चा कर उसका भी समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य स्टेशन प्रबंधक, सहायक मंडल अभियंता, बुकिंग सुपरवाइजर व रेल्वे के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।