राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता पर द्वितीय राज्य स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों का हुआ सम्मान
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में द्वितीय राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ एवं मुख्य संरक्षक, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के करकमलों से राष्ट्रीय लोक अदालतों की सफलता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समस्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों, परिवार न्यायालयों के न्यायाधीशों तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 16 दिसंबर 2023, 2024 और 2025 में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालतों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले परिवार न्यायालयों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल, न्यायाधीश, उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ एवं कार्यपालक अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन सदस्य सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास, न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत, न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय, न्यायमूर्ति संजय कुमार जायसवाल, न्यायमूर्ति विवेक कुमार अग्रवाल, न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा, न्यायमूर्ति बिभु दत्ता गुरु एवं न्यायमूर्ति अमित किशोर प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन में रजिस्ट्रार जनरल एवं रजिस्ट्री के वरिष्ठ अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी के निदेशक, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, समस्त जिलों के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, परिवार न्यायालयों के न्यायाधीश, स्थायी लोक अदालतों के अध्यक्ष, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के सचिव तथा सभी जिलों से नामित पैरालीगल वॉलंटियर्स उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय लोक अदालत प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने और आमजन को त्वरित, सुलभ एवं किफायती न्याय उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ हुआ। न्यायपालिका एवं विधिक सेवा संस्थाओं की इस दिशा में प्रतिबद्धता निरंतर बनी रहेगी।