भाजपा-पार्षद के बेटे के गैंग ने छात्रों को बेदम पीटा
सरगुजा
अंबिकापुर जिले में मणिपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों के अपहरण और बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा पार्षद के बेटे से जुड़े गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद आरोपियों समेत कुल 12 बदमाशों के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में घटना दो गुटों के बीच विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगल पांडे वार्ड के खटिक पारा स्थित एक किराए के मकान में 15 दिसंबर 2025 की रात करीब दर्जनभर युवक जबरन घुस आए। आरोप है कि उन्होंने छात्र राहुल सोनवानी (22) और उसके साथी शुभम रवि का चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया।
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि, सभी आरोपी पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड वाले हैं और गैंग बनाकर क्षेत्र में गुंडागर्दी करते हैं। मणिपुर पुलिस ने आरोपी उदय साहू, उत्तम साहू, आकाश यादव, अखिल सोनी, समीर मुंडा, रौनक मुखर्जी, विशाल साहू, राजा साहू समेत 3–4 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी युवकों ने दोनों को घसीटते हुए डॉक्टर अनुपम मिंज के घर के पास झाड़ियों में ले जाकर मुक्कों, ईंट-पत्थरों, डंडों और चाकू से हमला किया। इस दौरान शुभम रवि के दाहिने हाथ को आग से जलाने का भी आरोप लगाया गया है।