कोतरी हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘पहल 2.0’ कार्यक्रम का आयोजन, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने विद्यार्थियों को दिया प्रतियोगी परीक्षाओं व सामाजिक विषयों का मार्गदर्शन
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
लोरमी/मुंगेली । विकासखंड लोरमी अंतर्गत शासकीय कोतरी माध्यमिक हायर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार, दिनांक 12 दिसंबर 2025 को पहल 2.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक और जागरूकता आधारित कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 650 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना, उनके बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक, नैतिक और नागरिक दायित्वों की समझ विकसित करना रहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा यूपीएससी और पीएससी परीक्षाओं की तर्ज पर प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक शास्त्र, राजनीतिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों से प्रश्न पूछे गए। छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता दिखाते हुए आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़े प्रश्न भी शामिल किए गए। रामायण (रामचरितमानस) के संदर्भ में भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास जाने के कारण पर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछा गया। छात्रों ने बताया कि भगवान राम माता-पिता की आज्ञा का पालन करने वाले, त्यागी स्वभाव के तथा अपनी प्रजा के प्रति संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ पुत्र थे। विद्यार्थियों के उत्तरों ने उनके संस्कारों और नैतिक समझ को दर्शाया।
प्रश्नोत्तर सत्र में भाग लेने वाले एवं सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। इससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा और उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में वक्ताओं के रूप में बिलासपुर की पुलिस अधिकारी शैलजा स्वामी, पुलिस अधिकारी शत्रुहन खूंटे तथा साइबर सेल की अधिकारी बबीता श्रीवास उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति विशेषकर ब्राउन शुगर जैसे घातक नशों से होने वाले दुष्परिणामों तथा युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सतर्क रहने, कानून का सम्मान करने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पहल 2.0 कार्यक्रम को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के साथ जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।