जिला

NH-30 पर कार-बाइक की टक्कर, पिता-पुत्री की मौत, दो घायल

कोंडागांव/

कोंडागांव के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर मंगलवार दोपहर 3:30 बजे कार और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में पिता और उसकी 10 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल में कुल 4 लोग सवार थे। हालांकि, मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

फरसगांव पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचा कर मामले की जांच में जुट गई है। यह हादसा फरसगांव थाना क्षेत्र के माझीआठगांव गांव के पास हुआ। यहां खराब सड़कों के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 3:30 बजे जीवन नेताम अपनी बेटी अंबिका नेताम (10 वर्ष), हिमानी नेताम और रजनती नेताम के साथ मोटरसाइकिल से फरसगांव से केशकाल की ओर जा रहे थे। सभी लोग एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। माझीआठगांव के पास सड़क पर बने गड्ढों की वजह से बाइक असंतुलित हो गई और विपरीत दिशा से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीवन नेताम और उनकी मासूम बेटी अंबिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हिमानी नेताम और रजनती को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कोंडागांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए फरसगांव मर्च्युरी भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हादसे का कारण सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों को बताया है, जिसे लेकर वर्षों से शिकायतें की जा रही हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image