जिला

समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इंजीनियर वैदेही गुप्ता सम्मानित

चांपा। सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने वाली इंजीनियर वैदेही गुप्ता को प्रेस क्लब चांपा द्वारा आयोजित भव्य समारोह में “समाज रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। वैदेही गुप्ता लंबे समय से समाज कल्याण और जनजागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं, छात्राओं और स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

वैदेही द्वारा प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने, महिलाओं और बच्चियों को स्वच्छता एवं सेनेटरी पैड के उपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नि:शुल्क सेनेटरी पैड वितरण का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा चुनावी अवधि में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित करना, विभिन्न विद्यालयों में बच्चियों को गुड टच-बैड टच एवं पॉक्सो एक्ट की जानकारी प्रदान करना, बच्चों को आत्मरक्षा के लिए कराटे प्रशिक्षण देना सहित कई सामाजिक पहलें वे निरंतर कर रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद चांपा के अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, समाजसेवी धीरेन्द्र बाजपेयी, छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर दुबे, नगर निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रेस क्लब चांपा के अध्यक्ष कुलवन्त सिंह सलूजा, राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के प्रदेश संरक्षक अमोलक सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा वैदेही गुप्ता को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने पर वैदेही गुप्ता ने कहा कि समाज सेवा उनके जीवन का उद्देश्य है और आगे भी वे इसी तरह जरूरतमंदों के लिए कार्य करती रहेंगी। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

Leave Your Comment

Click to reload image