धान खरीदी केन्द्र में गबन का खुलासा — प्रभारी सरजू बघेल गिरफ्तार, ₹65 लाख से अधिक की अमानत में खयानत
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़)
। पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धान खरीदी केन्द्र तरवरपुर में अनियमितता और अमानत में खयानत करने वाले आरोपी धान खरीदी केन्द्र प्रभारी सरजू बघेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी द्वारा वर्ष 2024-25 में 2094.64 क्विंटल धान जिसका मूल्य ₹65,02,684 है, का गबन किया गया था। थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 65/2025 धारा 318(4), 316(5) बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच में सामने आई अनियमितता : प्रार्थी सुमरनदास मानिकपुरी, शाखा प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलत्तपुर, शाखा सेतगंगा ने 7 अक्टूबर 2025 को थाना फास्टरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक मुंगेली द्वारा की गई जांच में पाया गया कि वर्ष 2024-25 में तरवरपुर धान खरीदी केन्द्र में कुल 39,767.20 क्विंटल धान खरीदी की गई थी। जिसमें से 36,404.36 क्विंटल धान परिदान किया गया और 3362.84 क्विंटल धान ऑनलाइन दर्शाया गया। भौतिक सत्यापन के दौरान 2094.64 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी कीमत ₹65,02,684 आंकी गई है। यह स्पष्ट हुआ कि प्रभारी सरजूराम बघेल ने धोखाधड़ी कर धान की गबन की है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई : मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मुंगेली मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की गई तथा धान खरीदी के भौतिक सत्यापन से संबंधित मूल दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी सरजूराम बघेल के कब्जे से धान खरीदी रजिस्टर जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 08 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस स्टाफ की रही अहम भूमिका : इस कार्रवाई में थाना प्रभारी फास्टरपुर गिरीजा शंकर यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहनीय कार्य हेतु बधाई दी है।