बीईओ डॉ. प्रतिभा मंडलोई ने किया स्कूलों का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित शिक्षकों को दिए निर्देश, एक प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी
मुंगेली/पथरिया (बिहान छत्तीसगढ़)
विकास खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डॉ. प्रतिभा मंडलोई ने सोमवार को क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला भटगांव, प्राथमिक शाला जागताकापा तथा प्राथमिक शाला सोनपुरी का निरीक्षण करते हुए शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान एवं 90+ परीक्षा आकलन की तैयारी की समीक्षा की गई। डॉ. मंडलोई ने पाठक पंजी, शिक्षक डायरी एवं शिक्षण सामग्री का भी अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। भटगांव के प्राथमिक विद्यालय में 4 में से 3 शिक्षक उपस्थित पाए गए, जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 7 में से 3 शिक्षक उपस्थित थे। एक शिक्षक गिरदावरी ड्यूटी पर थे तथा शेष अवकाश पर पाए गए
इस पर बीईओ ने शिक्षकों को नियमित रूप से स्कूल आने के निर्देश दिए। वहीं, प्राथमिक शाला सोनपुरी में निरीक्षण के समय विद्यालय निर्धारित समय से पहले बंद पाया गया। इस पर बीईओ डॉ. मंडलोई ने गंभीरता बरतते हुए संबंधित प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।