समय-सीमा की बैठक संपन्न योजनाओं की लक्षित प्रगति करें सुनिश्चित:- जिला पंचायत सीईओ
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रकरण, पीएम जनमन, सहित विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं एवं आकांक्षी विकासखंड अंतर्गत गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।
जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण कार्य में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण कराएं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने पीएम जनमन अंतर्गत की जा रही गतिविधियों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए और स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, खाता बटांकन, अभिलेख शुद्धता सहित न्यायालयीन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदनों के निराकरण में भी तेजी लाने को कहा।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने राशन दुकानों में खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। सीईओ तोमर ने एनआरसी के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसके बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड में प्रगति लाने के निर्देश भी दिये।
आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम को सफल बनाने हुई बैठक
प्रभावी क्रियान्वयन करने दिये गये निर्देश
नीति आयोग भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले के विकासखण्ड शंकरगढ़ का चयन आकांक्षी ब्लॉक के तौर पर हुआ है। जिसके अंतर्गत आकांक्षी विकासखण्ड शंकरगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य निर्धारित इंडिकेटर पर हुए कार्य के संबंध में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने चर्चा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि आकांक्षी जिले की तर्ज पर आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत कम विकसित ब्लॉकों का चयन कर उनका त्वरित एवं प्रभावी ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना है, उन्होंने बताया कि इसके लिए निर्धारित 06 इंडिकेटर के अलावा अन्य क्षेत्रों में व्यापक कार्य करना है। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि सभी सबंधित विभाग अपनी विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से करें ताकि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की शुरूआत की गई, जिसके तहत देश भर के 500 ब्लॉकों को शामिल किया गया है। जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निर्धारित संकेतकों पर कार्य करते हुए आम नागरिकों के जीवन में परिवर्तन लाना है।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।