जिला

छ.ग. कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन, मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़) 

छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने अपनी लंबित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांतीय आव्हान पर 23 सितंबर को जिला मुख्यालय मुंगेली में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। आंदोलन के तीसरे चरण में जिले के सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारी शामिल हुए। इसके बाद सभी अधिकारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

संघ की मुख्य नौ सूत्रीय मांगें
1. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का वेतनमान संशोधन (4300 ग्रेड पे) किया जाए।
2. कार्यक्षेत्र का पुनःनिर्धारण हो।
3. मासिक स्थायी भत्ता (Fix TA) को बढ़ाकर ₹2500 किया जाए।
4. विभागीय कार्यों जैसे मोबाइल, इंटरनेट, लैपटॉप, स्टेशनरी आदि के लिए संसाधन भत्ता दिया जाए।
5. अतिरिक्त प्रभार मिलने पर सम्मानजनक अतिरिक्त क्षेत्र भत्ता प्रदान किया जाए।
6. पदनाम संशोधित कर मध्यप्रदेश की तर्ज पर कृषि विस्तार अधिकारी किया जाए।
7. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारियों की ड्यूटी गैर विभागीय कार्यों में न लगाई जाए।
8. आदान सामग्री का भंडारण सेवा सहकारी समितियों में किया जाए एवं अनुदान राशि का भुगतान डीबीटी प्रणाली से हो।
9. पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।

जिलाध्यक्ष ने जताया रोष : धरना स्थल पर संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष रामेश्वर सिंह ध्रुव ने कहा कि “पिछले कई वर्षों से लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन ने अब तक हमारी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। कृषि विभाग में कार्यरत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों में गहरा रोष है। यदि हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।”
पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी : धरना प्रदर्शन के दौरान संघ के प्रमुख पदाधिकारी सचिव गिरीश उपाध्याय, संरक्षक योगेश दुबे, उपाध्यक्ष मनोज कुमार पैकरा, कोषाध्यक्ष उमाशंकर बंजारा, मीडिया प्रभारी विजेंद्र नार्गव, सह सचिव प्रकांत बघेल, प्रवक्ता अनिल पटेल, प्रफुल्ल जायसवाल, संगठन मंत्री नान्हे राम साहू, प्रचार मंत्री लोमश साहू, संयोजक विनोद कुमार साहू, ब्लॉक अध्यक्ष जलेश्वर घृतलहरे, धर्मराज पोर्ते, राजेश कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कृषि विस्तार एवं विकास अधिकारी मौजूद रहे।
समर्थन में उतरे उद्यान विस्तार अधिकारी : धरना प्रदर्शन में ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष तामेश्वर जांगड़े ने भी भाग लिया और कृषि अधिकारियों की मांगों को जायज ठहराते हुए अपना समर्थन दिया।
आगे भी जारी रहेगा आंदोलन : संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी नौ सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन का सिलसिला जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image