जिला

शिक्षा अधिकारी DN मिश्रा को किया गया निलंबित , निःशुल्क गणवेश वितरण में लापरवाही के वजह से हुआ बड़ा एक्शन

विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़ 

      


बलरामपुर -

छतीसगढ़ ,शासन, स्कूल शिक्षा विभाग ने गणवेश वितरण में गड़बड़ी और लापरवाही के आरोप में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, रामानुजगंज-बलरामपुर डी.एन. मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2025-26 में जिले के 1,58,244 छात्र-छात्राओं के लिए कुल 3,16,488 गणवेश प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2,38,066 गणवेश वितरित कर दिए गए। लेकिन श्री मिश्रा द्वारा हितग्राही छात्रों की संख्या त्रुटिपूर्ण बताई गई, जिससे बड़ी मात्रा में गणवेश शेष रह गए। गणवेशों के अनुपयोगी होने की संभावना और शासन पर अतिरिक्त आर्थिक भार की स्थिति निर्मित हो गई।

आदेश में यह भी उल्लेख है कि पूर्व वर्षों की शेष गणवेश का समायोजन न करने और नये शैक्षणिक सत्र के लिए मांग पत्र प्रेषित न करने के कारण यह अनियमितता पाई गई। इसे शासन ने गंभीर कदाचार एवं अनुशासनहीनता माना है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत है।

राज्य शासन, एतद्वारा, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 (1) (क) के तहत डी एन. मिश्रा, (मूलपद प्राचार्य) प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, रामानुजगंज-बलरामपुर (छ.ग.) तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन की अवधि में श्री मिश्रा का मुख्यालय कार्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा (अंबिकापुर) नियत किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। वहीं, उनके निलंबन के बाद अजय कुमार मिश्रा, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image