"रक्तदान जागरुकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली (बिहान छत्तीसगढ़)
नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय मुंगेली में रेडक्रॉस और रेड रिबन के तत्वाधान में महाविद्यालय में रक्तदान जागरूकता विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्तदान द्वारा जरूरतमंद रोगियों के जीवन को बचाना, रक्तदान से जुड़े भ्रांतियों को दूर करना, तथा रक्तदान हेतु प्रेरित करना था। कार्यक्रम के अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्राची सिंह ने की। कार्यक्रम में उपस्वास्थ्य केंद्र करही की डॉ. वंदना गुलहरे ने कहा कि रक्तदान महादान है।
आपका रक्तदान किसी की भी जीवन बचा सकता है। भारतवर्ष में लाखों लोगों की जान केवल रक्त कमी के चलते चली जाती है। प्रत्येक स्वस्थ युवा को वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति लाभान्वित होंगे। रक्तदान करने से पहले प्रारंभिक जांच किया जाता है, तत्पश्चात देने योग्य होने पर रक्त लिया जाता है। छात्राओं को हरे पत्तेदार पोषक तत्व वाली सब्जियां खाने पर ध्यान देने को कहा, जिससे रक्त की कमी न हो, उसके बाद भी रक्त की कमी होने पर सप्ताह में दो बार आयरन की टेबलेट खाने के बारे में जानकारी दी। इसके लिए स्वास्थ्य शिविर लगाने को कहा, जिससे सभी छात्राओं को अपने अपने रक्त समूह एवं सिकलिन की जानकारी हो सके।
जिससे समय पर उसकी उचित उपचार किया जा सके। प्राचार्य महोदया ने कहा कि रक्तदान दिवस 14 जून को मनाया जाता है इसका उद्देश्य सुरक्षित रक्तदान की महत्वपूर्ण आवश्यकता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। प्रो. प्रेमा केरकेट्टा ने अपने वक्तव्य में कहा कि रक्त की शुद्धता हेतु रक्तदान देना बहुत आवश्यक है।
डॉ. शशांक शर्मा ने कहा कि मानव रक्त का कोई विकल्प नहीं है, सक्षम व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, तत्पश्चात कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्राध्यापक मदनलाल कश्यप ने सभी छात्राओं को स्वच्छता जागरूकता हेतु शपथ दिलाया। कार्यक्रम के संयोजक व रेडक्रॉस प्रभारी प्रो. राजेश घोसले ने कहा रक्तदान जागरूकता बढ़ाना संपूर्ण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में स्वच्छता हेतु जागरूकता एवं रक्त की दानशीलता, सहयोग और मानवीय सेवा की भावना को प्रोत्साहित करके समाज को मजबूत बनाना हमारा दायित्व है। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सुरेंद्र कुमार तिग्गा एवं आभार प्रदर्शन प्रो. राजेश कुमार घोसले के व्दारा किया गया।
उप स्वास्थ्य केंद्र करही मुंगेली के समस्त स्टाफ डॉ.वन्दना गुलहरे, श्रीमती खेमलेश्वरी ,संतोषी, ममता, ललिता बघेल उपस्थित थे ,कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त प्राध्यापक गण यथा अविनाश राठौर, डॉ. शशांक शर्मा, डॉ. डिंपल बंजारा, डॉ. डेजी रानी दिवाकर, मधु यामिनी सोनी, मनोरमा भास्कर, नीतू राजपूत एवं कार्यालयीन कर्मचारी गण बलराम यादव, जगन्नाथ जांगड़े, अश्विनी चंद्राकर, इंदु बाला बंजारे, सुशीला अनंत, कलावती और बड़ी संख्या में छात्राओं ने उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।