कोदवा बानी से मुढ़िया मार्ग की जर्जर हालत को लेकर सरपंच प्रतिनिधि ने जनदर्शन में कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली (बिहान छत्तीसगढ़)
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत स्वीकृत कोदवा बानी से मुढ़िया मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ग्राम पंचायत कोदवा बानी के सरपंच प्रतिनिधि मंजीत रात्रे ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कुंदन कुमार से मुलाकात कर जनदर्शन कार्यक्रम में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सरपंच प्रतिनिधि मंजीत रात्रे ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सड़क को उखाड़कर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिसके कारण मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और बरसात में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। बीते दो से तीन महीनों से लगातार संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं ठेकेदार को अवगत कराने और निवेदन करने के बावजूद अब तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। बरसात से पूर्व काम पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक कार्य अधूरा है।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो रहा है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोज इसी रास्ते से होकर विद्यालय आना-जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क कार्य पूरा कराने की मांग की है।
मंजीत रात्रे ने आगे कहा कि पिछले दो-तीन महीनों से बार-बार एसडीओ इंजीनियर, जिला अधिकारियों और ठेकेदार को सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन केवल आश्वासन देकर टाल दिया गया। उन्होंने मांग की कि कलेक्टर संबंधित विभाग और ठेकेदार को निर्देशित कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराएं, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को इस समस्या से राहत मिल सके।