रविन्द्र भारती विद्यालय की छात्रा करीना भास्कर का राष्ट्रीय स्तर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली/सेतगंगा ।
जिले के लिए गौरव का विषय है कि रविन्द्र भारती उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेतगंगा की कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की छात्रा करीना भास्कर का चयन 15वें फेडरेशन कप राष्ट्रीय स्तर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 12 से 14 सितंबर तक गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में आयोजित की जाएगी।
करीना के इस चयन पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के डायरेक्टर भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा कि – “यह हमारे विद्यालय और पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। करीना की मेहनत,अनुशासन और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। हमें पूरा विश्वास है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।”
वहीं विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक शर्मा ने कहा कि – “छात्रा करीना भास्कर ने अपनी पढ़ाई के साथ खेलों में भी संतुलन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। विद्यालय परिवार उनकी सफलता की कामना करता है।”
कोच भूखन लाल बंजारा, नील यादव सहित समस्त शिक्षकों एवं सहपाठियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि करीना अपने प्रदर्शन से जिले को गौरवान्वित करेंगी।