गरीब मजदूर के बेटा अरमान का नवोदय में चयन...
चांपा । विकासखंड बलौदा के अंतर्गत ग्राम पंचायत बालपुर के पूर्व माध्यमिक शाला के कक्षा छठवीं में अध्यनरत छात्र अरमान चौहान का चयन नवोदय विद्यालय चिस्दा के लिए कक्षा छठवीं में हुआ है। यह छात्र प्रारंभ से ही होनहार है। यह विगत परीक्षा पांचवीं बोर्ड से 85 प्रतिशत के साथ परीक्षा पास की थी।इसने नवोदय विद्यालय के चयन के लिए बहुत मेहनत और लगन के साथ तैयारी की थी। पूर्व माध्यमिक शाला के गणित शिक्षक उदय देवांगन ने बताया कि अब गरीब मजदूर का बच्चा भी सुविधापूर्ण आवासीय विद्यालय में पढ़कर अच्छी शिक्षा प्राप्त कर पाएगा उन्होंने आगे बताया यह छात्र काफी होनहार है। यह हर एक विषय को बहुत गंभीरता और बारीकी से समझने का प्रयास करता है। उसमें सीखने के प्रति काफी लगनशीलता है, और उत्साही है। उसने अपनी नवोदय की तैयारी काफी लगन और कर्मठता से की है जिसका परिणाम यह हुआ कि इसका चयन नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है। इसके तैयारी में प्राथमिक शाला के शिक्षक चूड़ामणि पटेल का विशेष भूमिका रहा है जिन्होंने विद्यालय समय के अतिरिक्त समय में इनको नवोदय के लिए तैयार किए हैं। साथ ही इसके छात्र साथियों ने भी उत्साह बढ़ाया और इसे प्रतिस्पर्धी बनाया। इसके इस उपलब्धि पर इसके माता-पिता और ग्राम के जनप्रतिनिधियों तथा विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।