आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में गड़बड़ी चार महिला आरोपियों की गिरफ्तारी
बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर/शंकरगढ़
। आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर पुलिस ने चार महिला आरोपी की गिरफ्तार किया है।चयनित सहायिकाओं द्वारा अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी अंकसूची तैयार कर उसके आधार पर चयनित हुए थे।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रार्थी प्रभारी परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, कुसमी जिला बलरामपुर द्वारा अनुभाग शंकरगढ़ में सन् 2024-25 में हुए आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर कलेक्टर बलरामपुर के द्वारा गठित जांच कमिटी को आंगनबाड़ी बेहराटोली जार्गिम, कटहरपारा महुआडीह, धाजापाठ कोठली, डूमरपानी बेलकोना में चयनित सहायिकाओ द्वारा अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कक्षा आठवीं की फर्जी अंकसूची तैयार कर उसके आधार पर चयनित होना पाए जाने पर फर्जी तरीके से चयनित चारों सहायिकाओ एवं अन्य सहयोगियों के विरुद्ध थाना शंकरगढ़ में धारा-318(2), 318(4),338,336(3),340(2),61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया था।
विवेचना के दौरान फर्जी अंकसूची के आधार पर चयनित हुई चारों सहायिका अरमाना पति शमशेर आलम उम्र 29 वर्ष निवासी जारगीम,रिजवाना पति अमरुद्दीन उम्र 33 वर्ष निवासी महुआडीह,प्रियंका यादव पति आशीष यादव उम्र 27 वर्ष निवासी कोठली एवँ सुशीला सिंह पति उमाशंकर सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी बेलकोना को व गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले के अन्य पहलुओं पर विवेचना जारी है।