जिला

जिला एमसीबी के भ्रष्ट जिला शिक्षा अधिकारी के ट्रांसफर से शिक्षा विभाग में राहत की लहर

मनेंद्रगढ़, 10 जुलाई 2025

जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में लंबे समय से विवादों में घिरे जिला शिक्षा अधिकारी (D.E.O.) अजय मिश्रा का अंततः ट्रांसफर कर दिया गया है। भ्रष्टाचार, पक्षपातपूर्ण युक्तियुक्तकरण, रिश्वतखोरी और मनमानी जैसे गंभीर आरोपों से घिरे अधिकारी के हटाए जाने के बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों व शिक्षकों में बड़ी राहत की भावना देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि डीईओ मिश्रा पर शिक्षकों की नियुक्ति में भारी गड़बड़ी, शहरी स्कूलों में करीबी शिक्षकों की पोस्टिंग, नियमों को दरकिनार कर शिक्षकों को जबरन ट्रांसफर करने और रिश्वत लेकर स्थानांतरण करने जैसे कई गंभीर आरोप थे। विभागीय कर्मचारियों ने कई बार इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी इन भ्रष्टाचारों को लेकर आवाज उठाई थी और डीईओ को निलंबित करने की मांग की थी।

एक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि ने बताया, “डीईओ के कार्यकाल में विभाग में भय और अन्याय का माहौल बन गया था। योग्य और मेहनती शिक्षकों की अनदेखी कर रिश्वत और सिफारिश से फैसले लिए जाते थे।”

अब जब अजय मिश्रा का तबादला कर दिया गया है, शिक्षकों को उम्मीद है कि शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और न्याय की बहाली होगी। 

यह ट्रांसफर न केवल भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि यदि शिक्षक समुदाय संगठित होकर आवाज उठाए, तो व्यवस्था में बदलाव संभव है।

Leave Your Comment

Click to reload image