फ्रांसीसी युवती से रेप, आरोपी कास्टिंग कंपनी का मालिक:
उदयपुर
उदयपुर में एड शूट करने आई फ्रांस की युवती से रेप के आरोपी को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कास्टिंग कंपनी का मालिक है।
मूवी से लेकर ऐड, सॉन्ग और सीरियल में कास्टिंग करता है। सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड स्टार की फिल्मों में कास्टिंग कर चुका है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा (29) ने कहा है कि उसके साथ हनी ट्रैप हुआ है। उसे बॉलीवुड के कुछ लोग फंसा रहे हैं। पुष्पराज चित्तौड़गढ़ के गंगरार तहसील क्षेत्र का रहने वाला है। वह करीब 8 साल से उदयपुर में रह रहा है।
बुधवार को उदयपुर में SP योगेश गोयल ने कहा- कास्टिंग कॉल नाम से आरोपी और उसके सहयोगी की कंपनी है। इस कंपनी ने ही शूट के लिए युवती को हायर किया था। युवती 22 जून को मोबाइल ऐड शूट के लिए उदयपुर आई थी। इसी दिन पिछोला, सज्जनगढ़ फोर्ट और आस-पास के रेस्टोरेंट में शूटिंग की गई। इसके बाद रात को क्रू मेंबर्स ने टाइगर हिल स्थित द ग्रीक फॉर्म एंड रेस्ट्रो कैफे में पार्टी की।
पार्टी के दौरान सिद्धार्थ स्मोक के बहाने फ्रांस की युवती को अपने सुखेर स्थित फ्लैट पर लेकर गया और रेप किया। SP ने दावा किया कि पूछताछ में पुष्पराज ने अपना गुनाह कबूल किया है। सात दिन में पूरी जांच कर कोर्ट में चालान पेश करेंगे।