तूफान अर्नब से आंध्रप्रदेश में तबाही, 5 की मौत
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार देर रात 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। यहां 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। आंध्र प्रदेश में 5 मौतें हुई हैं।
राज्य के 31 घरों को नुकसान पहुंचा। 57 हजार लोगों को शिफ्ट किया गया है। तूफान के कारण 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा-विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर 21 फ्लाइट्स रद्द की गईं। 13 शहरों में अचानक बाढ़ आने का अलर्ट जारी किया गया है।
ओडिशा में भारी बारिश के चलते 16 जिलों में स्कूल बंद हैं। यहां 30 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 4,000 साइक्लोन शेल्टर बनाए गए हैं।
विशाखापट्टनम में रात 27 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे से 28 अक्टूबर की सुबह 3 बजे तक, यानी करीब 18 घंटे में 200mm से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यह जुलाई में होने वाली औसत बारिश के डेढ़ गुना से ज्यादा है। यहां जुलाई में औसतन 133mm बारिश होती है।
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में भारी बारिश हो रही है। कई इलाकों में पानी भर गया है। जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। कलेक्टर ने अधिकारियों से लोगों और पशुओं को सुरक्षित जगह पहुंचाने का निर्देश दिया।
इंडियन एयरफोर्स ने चक्रवात अर्नब से प्रभावित विजयवाड़ा में 23 टन राहत सामग्री पहुंचाई। इसके लिए 2 C-130J विमानों का इस्तेमाल किया गया।
इसके अलावा NDRF की टीम भी भेजी गई है। वायुसेना ने कहा कि वह लोगों की जान बचाने और राष्ट्रीय आपदा राहत कार्यों में मदद के लिए हमेशा तैयार है।
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी सेंटर से चक्रवात प्रभावित जिलों की स्थिति की जानकारी ली।
चक्रवात अर्नब के चलते 5 नवंबर तक 22 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द या स्थगित कर दी गई हैं। विशाखापत्तनम-किरंदुल और राउरकेला-जगदलपुर समेत कई ट्रेनों पर असर पड़ा है।
वहीं, हिराखंड एक्सप्रेस का संचालन भी अस्थायी रूप से बदला गया है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले NTES या भारतीय रेलवे की वेबसाइट पर अपडेट देखने की सलाह दी है।