तेलंगाना में महिला ने रेलवे ट्रैक पर कार चलाई
हैदराबाद
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक 34 साल की महिला ने अपनी कार को रेलवे ट्रैक पर चला दिया। इसके चलते वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और कई ट्रेनें रोकनी या डायवर्ट करनी पड़ीं।
सूत्रों के अनुसार, 'कई रेलवे कर्मचारी और पुलिसकर्मी उस कार के पीछे दौड़े। बड़ी मुश्किल से वे उसे कार रोकने में कामयाब हो पाए। महिला को कार से बाहर निकालने के लिए करीब 20 लोगों की मदद लेनी पड़ी। वह बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रही थी।'
रेलवे पुलिस की सुपरिटेंडेंट चंदना दीप्ति ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि वह महिला हाल ही तक एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रही थी। वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह काफी आक्रामक व्यवहार कर रही थी।लग रहा था कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है।

सुपरिटेंडेंट चंदना दीप्ति ने आगे कहा कि हमने महिला की कार से उसका ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं यह महिला आत्महत्या की योजना तो नहीं बना रही थी, और इस पूरी घटना को हत्या जैसा दिखाने की कोशिश तो नहीं थी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु-हैदराबाद ट्रेन समेत कम से कम 10 से 15 पैसेंजर ट्रेनों को सावधानी के तौर पर डायवर्ट किया गया। फिलहाल, महिला को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।