'जमीन क्यों बेची', बेटों ने मां-बाप को पीटा,
पुणे
महाराष्ट्र के पुणे जिले में जमीन बेचने से नाराज दो बेटों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता को सरेआम सड़क पर डंडों से पीटा। वहां से गुजर रहे लोगों ने दपंति को बचाया।
पुणे पुलिस के मुताबिक, इंदापुर में रहने वाले 65 साल के किसान तुकाराम राउत ने 30 अगस्त की शाम शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत में कहा, 'मैं अपनी बीमार पत्नी के साथ टहलने के लिए निकला था, तभी उनके दोनों बेटे कार से वहां पहुंचे। दोनों ने अपनी मां अंजना के नाम पर मौजूद जमीन बेचने को लेकर सवाल-जवाब किया और इसके बाद उनकी पिटाई की।'
हमले में तुकाराम राउत की पीठ, चेहरे, जांघ और कंधे पर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी के हाथ और कमर में चोट लगी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने दोनों को बचाया। इलाज के लिए इंदापुर उप-जिला अस्पताल भिजवाया।
शिकायत में तुकाराम ने कहा है कि दोनों बेटों ने उन्हें धमकी दी है कि अगर जमीन का सौदा रद्द नहीं किया गया तो वे उन्हें जान से मार देंगे।
दोनों बेटे अपने परिवार के साथ इंदापुर के मालवाड़ी इलाके में रहते हैं। इंदापुर थाने में दोनों बेटों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।