'एथेनॉल पर अफवाह फैलाने वालों को चप्पल से मारेंगे':गडकरी के समर्थन में उतरा किसान संघ;
भोपाल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एथेनॉल संबंधी बयानों के समर्थन में भारतीय किसान संघ (बीकेएस) खुलकर सामने आ गया है। भोपाल में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी ने कहा- एथेनॉल के खिलाफ गलत जानकारी फैलाई जा रही है। अफवाह फैलाने वाले मिल जाएं तो उन्हें चप्पल से मारेंगे। रेड्डी ने कहा- गन्ने का पूरा रस निकालने के लिए केवल सीमित मात्रा में पानी मिलाया जाता है। इसके अलावा फैक्ट्रियों में उपयोग किया गया पानी दोबारा री-साइकिल किया जाता है। ऐसे में एथेनॉल उत्पादन में पानी की ज्यादा खपत की बात केवल अफवाह है।
रेड्डी ने कहा कि एथेनॉल गन्ना, मक्का और चावल जैसी फसलों से तैयार किया जाता है। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलता है। भविष्य में 100 प्रतिशत एथेनॉल से चलने वाली गाड़ियों को भी बढ़ावा देने की मांग की।
भारतीय किसान संघ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- पेट्रोल और डीजल को भी सभी जगहों पर जीएसटी के दायरे में लाना चाहिए। इससे देशभर में ईंधन की कीमतों में एकरूपता आएगी। आम लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही किसानों से आत्महत्या न करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की।
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान मुरैना की कैलारस शुगर मिल को निजी हाथों में देने के बजाय सहकारी समिति के माध्यम से किसानों के संचालन में सौंपने की मांग की गई।
संघ ने कलेक्टर की अध्यक्षता में किसानों, शेयर धारकों और तकनीकी विशेषज्ञों की समिति बनाने का सुझाव भी दिया। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।