कर्नाटक में MP के 5 मजदूरों समेत 7 की मौत
बेंगलुरु/भोपाल
कर्नाटक के बेंगलुरु के मदापट्टना स्थित ग्रेनाइट खदान में गुरुवार को 40 फीट की ऊंचाई से चट्टान गिरने से मध्य प्रदेश के 5 मजदूरों समेत 7 की मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक मजदूर छत्तीसगढ़ और एक कर्नाटक के यादगीर जिले का निवासी था।
पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मृतकों और घायलों को मलबे से बाहर निकाला। चट्टान की चपेट में आने से कई मजदूरों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। न्यूज एजेंसी PTI ने सेंट्रल रेंज के डीआईजी एस. गिरीश से बातचीत के आधार पर MP के मजदूरों की मौत की पुष्टि की है।
हादसे के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दुख जताते हुए जांच के निर्देश दिए। खदान मालिक ने मृतकों के परिजन को 10-10 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई। डीआईजी एस. गिरीश ने बताया कि खदान में ऊपर और नीचे दो क्रेशर संचालित हो रहे थे। हादसे के समय करीब 16 मजदूर काम कर रहे थे। ऊपरी हिस्से में ड्रिलिंग के दौरान विशाल ग्रेनाइट चट्टान फिसलकर नीचे गिरी, जिससे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में 5 मजदूर घायल हुए, जबकि 4 सुरक्षित बच निकले।
मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट में हादसे की वजह ब्लास्टिंग नहीं, बल्कि चट्टान खिसकना या मिट्टी धंसना सामने आई है। वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए नए सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियंक खड़गे ने प्रथम दृष्टया लापरवाही की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि खान एवं भूविज्ञान और गृह विभाग संयुक्त जांच कर रहे हैं। दोषियों पर कार्रवाई होगी।