पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में गूंजा 'वंदे मातरम्', टीम कल्पदीप की प्रस्तुति ने जीता दर्शकों का दिल
जल्पाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल दिवस के अवसर पर जिला परिषद, जल्पाईगुड़ी में आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में टीम कल्पदीप ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत 'वंदे मातरम्' की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति और आकर्षक नृत्य ने समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर डॉ. पोम्पी पॉल ने वंदे मातरम् गीत पर नृत्य निर्देशन एवं प्रस्तुति दी। उनके साथ राहुल रॉय, सौपाल दास, आहाना बोस एवं स्पंदिता बोस ने भी शानदार प्रस्तुति देकर देशभक्ति की भावना को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय हैं, जबकि इस गीत को प्रसिद्ध गायिका संगीता कट्टी कुलकर्णी ने स्वर दिया है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने टीम कल्पदीप की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। देशभक्ति, संस्कृति और कला के सुंदर समन्वय ने पश्चिम बंगाल दिवस समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।