देश दुनिया

मणिपुर में हथियारबंद बदमाशों का हमला, तीन लोगों की हत्या

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार तड़के हुए हमले में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सैतू-गामफाजोल उपखंड के लोइबोल खुल्लेन गांव में सुबह करीब चार बजे हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया। इस दौरान सात घर भी जला दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि दो गुटों के बीच कई मिनट तक गोलीबारी हुई। गोलीबारी शुरू होते ही गांव के लोग जान बचाने के लिए पास के जंगलों में शरण लेने को मजबूर हो गए।

मारे गए लोगों की पहचान लेटखोंगम हाओकिप, टिनमैरी हाओकिप और जांगमिनलाल हाओकिप के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, तीनों की मौत गोलीबारी के दौरान हुई।

CM वाई. खेमचंद सिंह ने हमले को घिनौना और कायराना बताया। निहत्थे नागरिकों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है और इसके जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

सिंह ने राज्य पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने और प्रभावित परिवारों को जरूरी राहत उपलब्ध कराने को कहा है।

वहीं, उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने कहा कि सरकार इस घटना को गंभीरता से ले रही है। जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और डर व विभाजन फैलाने की कोशिश करने वालों के बहकावे में नहीं आने की अपील की।

Leave Your Comment

Click to reload image