पाकिस्तान ने 3 घंटे के बाद ही सीजफायर तोड़ा:श्रीनगर समेत कई शहरों में ड्रोन अटैक; जम्मू, कठुआ, उधमपुर में ब्लैकआउट
भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर लागू हो गया। इसके 3 घंटे बाद ही पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन कर दिया।
रात 8 बजे से पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर के अखनूर, पुंछ, नौशेरा, श्रीनगर, आरएसपुरा, सांबा, उधमपुर में फायरिंग की जा रही है। राजौरी में शेलिंग (तोप और मोर्टार) की गई। उधमपुर में ड्रोन से हमला हुआ।
फायरिंग के बाद से जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पंजाब और गुजरात के बॉर्डर वाले जिलों में ब्लैकआउट कर दिया गया है।
22 अप्रैल से 10 मई तक पाकिस्तान की गोलीबारी में 4 जवान शहीद हो चुके हैं। 60 जवान घायल पाकिस्तानी हमलों में घायल हुए हैं। वहीं, 17 नागरिकों की भी मौत हो चुकी है और 60 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इनके अलावा राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (ADDC) डॉ. राज कुमार थापा भी पाकिस्तानी गोलाबारी में घायल हुए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा- ये कैसा सीजफायर है। श्रीनगर में धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है।
सीजफायर के ऐलान के बाद जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब के बॉर्डर वाले जिलों में ब्लैकआउट रद्द कर दिया था। लेकिन, पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर में फायरिंग के बाद फिर से ब्लैकआउट कर दिया गया है। बॉर्डर वाले जिलों की बिजली काट दी गई है। लोगों को घर से न निकलने की एडवाइजरी जारी की गई है। पठानकोट में रात को ड्रोन देखे गए। यहां लगातार सायरन भी बजा। इसके बाद पठानकोट, अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, होशियारपुर, फाजिल्का और फिरोजपुर में दोबारा ब्लैकआउट कराया गया है।