वनमंडल मुंगेली की पहल: ‘प्रकृति के करीब, स्वास्थ्य के लिए ट्रेक’ 28 फरवरी को खुड़िया क्षेत्र में ट्रेकिंग, युवाओं को प्रकृति से जोड़ने का प्रयास
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । वनमंडल मुंगेली द्वारा 28 फरवरी 2026 को वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत विशेष ट्रेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। “प्रकृति के करीब, स्वास्थ्य के लिए ट्रेक” थीम पर आधारित इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के तहत ट्रेकिंग की शुरुआत दुल्लापुर से होगी, जिसका समापन प्रसिद्ध खुड़िया रानी मंदिर में किया जाएगा। लगभग 4 किलोमीटर लंबी यह ट्रेकिंग प्रातः 7 बजे आरंभ होगी। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।
वनमंडल प्रशासन के अनुसार वर्तमान समय में युवा वर्ग सोशल मीडिया पर अत्यधिक समय व्यतीत कर रहा है, जिससे उनका प्रकृति और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ाव कम होता जा रहा है। ऐसे में इस तरह के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को प्राकृतिक वातावरण में लाकर उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रेकिंग के दौरान प्रतिभागियों को वन क्षेत्र की जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय जीवनशैली को नजदीक से जानने-समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी 26 फरवरी 2026 तक गूगल फॉर्म अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। यह आयोजन केवल 100 प्रतिभागियों के लिए सीमित रखा गया है।
वनमंडलाधिकारी मुंगेली ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस ट्रेकिंग कार्यक्रम में सहभागी बनकर प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं।