जिला
दूरस्थ अंचलों में पहुंचे कलेक्टर, एसपी और वनमण्डलाधिकारी निर्माणाधीन सड़कों व पुल-पुलियों का लिया जायजा पहाड़ी कोरवा ग्रामों में शीघ्र मिलेगी सुगम आवागमन की सुविधा
विकास कुमार यादव/ बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर -
कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल एवं नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी ने जिले के विकासखंड कुसमी के दूरस्थ ग्राम पंचायतों का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संयुक्त रूप से सुदूर अंचल में बसे ग्राम पंचायत भूताही, पुंदाग, पीपरढाब का दौरा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों का निरीक्षण किया तथा कार्यों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि इन क्षेत्रों में निवासरत पहाड़ी कोरवा परिवारों को जल्द से जल्द बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। कलेक्टर ने ग्राम चटनियां से सबाग तक बन रहे सड़क व सड़क किनारे पानी निकासी के लिए बन रहे नाली का अवलोकन कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य करने के निर्देश दिये। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं वनमण्डलाधिकारी ने सबाग से पोखर, महुआटोली से चरहू गदामी, पीपरढाब से चरहू और पुंदाग से भुताही तक निर्माणाधीन सड़क मार्गों तथा पुल-पुलियों का भी अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य मे गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य मे किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर संबंधित पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारी कर्मचारी जिम्मेदारी पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कंठीघाट में हो रहे सड़क निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य शीघ्र व शासन के नियमानुसार निर्धारित मापदंडो के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क बनने से पहली बार भूताही पहुँचा नलकूप खनन वाहन,ग्रामीणों ने जताया आभार
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व वनमंडलाधिकारी ने ग्राम भुताही व उसके आश्रित ग्राम महुवाडेरा में हो रहे शासकीय नलकूप खनन का भी अवलोकन किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कलेक्टर को अपने बीच पाकर खुशी जाहिर की। ग्राम भुताही के ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण होने से नलकूप खनन गाड़ी गांव में पहुँच पाई है, जिसके द्वारा हमारे गांव में पहली बार नलकूप खनन हुआ है।
इसके लिए उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर श्री कटारा ने कहा कि शासन प्रशासन के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य धारा से जोड़ने प्रयासरत है सड़कों के बन जाने से दूरस्थ गांव भी सीधे जिला मुख्यालय से जुड़ जाएंगे जिससे ग्रामीणों को सुलभ आवागमन सुविधा मिलेगी साथ ही व्यापार, रोजगार जैसी सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी कुसमी करुण डहरिया, जनपद सीईओ अभिषेक पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाई जीएस सिदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
खनिज विभाग की कार्यवाही 4 रेत वाहन सहित 1 गिट्टी का वाहन जब्त ईंट भट्ठों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन से वसूले गए 5 लाख 52 हजार 250 रू. अर्थदंड
राजेश साहू ब्यूरो, जिला-एमसीबी/
कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जिले में लगातार छापामार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में चैनपुर ,चिमटीमार क्षेत्र के हसदेव नदी से 04 ट्रैक्टर वाहन एवं 01 गिट्टी के ट्रैक्टर को जप्त किया गया है। सभी वाहनों को सुरक्षार्थ कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा किया गया है। सभी वाहनों के विरूद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 में कार्यवाही की गई है।

बता दे कि जिले में खनिज विभाग द्वारा लगातार क्षेत्र भ्रमण कर अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण कर्ताओं के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। खनिज विभाग द्वारा इस वित्तीय वर्ष जिले के चिरमिरी, पोड़ी, नागपुर, चौघड़ा, चनवारीदाड, झगराखंड क्षेत्र के अवैध ईंट भट्टो से अवैध उत्खनन के प्रकरण दर्ज कर कुल 477000 रुपए एवं मिट्टी ईंट के अवैध परिवहन से 75250 रुपए अर्थदंड एवं समझौता की राशि निर्धारित खनिज मद में जमा कराया गया है। खनि अधिकारी दयानंद तिग्गा ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष भी हम प्राप्त राजस्व लक्ष्य के पूर्ति के लिए लगातार प्रयासरत है। इस प्रकार की खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।
मनेंद्रगढ़ में श्रमिकों को मिल रहा सम्मान और भोजन - शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना बनी सहारा
राजेश साहू ब्यूरो, जिला-एमसीबी/
नगर पालिका परिषद परिसर, सब्जी मंडी के पास, मनेंद्रगढ़ में 29 मार्च को शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना के तहत श्रमिकों के लिए संचालित कैंटीन की शुरुआत की गई थी। अब एक महीने बाद यह योजना श्रमिकों के बीच आशा और संतोष का प्रतीक बन चुका है। इस योजना के अंतर्गत प्रतिदिन 250 से 300 श्रमिकों को मात्र 5 रुपये में गरम, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन प्रदान किया जा रहा है। भोजन में दाल, चावल, ताज़ी सब्जी, पापड़, मठ्ठा और अचार शामिल होता है।अब तक 8000 से अधिक श्रमिक इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
एक हितग्राही नीरज कुमार केवट ने बताया कि

"पहले काम नहीं मिलने पर भूखे ही लौटना पड़ता था। अब कम से कम यह चिंता नहीं रहती कि खाना कहाँ से मिलेगा। ये योजना हमारे लिए वरदान जैसी है।" श्रम विभाग द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य न केवल श्रमिकों को सस्ता भोजन देना है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करना है। इस योजना का अन्य उद्देश्य गैर पंजीकृत श्रमिकों का पंजीयन करना एवं उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान करना। मनेंद्रगढ़ के सब्जी मंडी में स्थित यह कैंटीन श्रमिकों के लिए एक सशक्त सहारा बन गई है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस योजना को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यह योजना दर्शाती है कि सरकारी प्रयास जब ज़मीन पर सही ढंग से क्रियान्वित होते हैं, तो वे समाज के सबसे ज़रूरतमंद वर्ग की ज़िंदगी में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
जिला पंचायत की प्रथम सामान्य सभा की बैठक सम्पन्न जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक संपन्न
पीडीएस दुकानों में राशन का आबंटन सही हो तथा राशन पात्र हितग्राहियों को मिले...अध्यक्ष
नवीन जिले में शासन की योजनाओं का हो व्यापक क्रियांवनयन/
राजेश साहू ब्यूरो, जिला-एमसीबी/
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह की अध्यक्षता तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू की उपस्थिति में आज जनपद पंचायत कार्यालय मनेंद्रगढ़ के सभाकक्ष अमृत सदन में सामान्य सभा का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह ने अपने संबोधन में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राज्य शासन की समस्त योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुचाने के लिए कहा। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिले, इस पर सभी अधिकारियों को विशेष रूप से प्राथमिकता देने की बात भी कही। बैठक में ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, छ.ग.विद्युत मंडल विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, श्रम विभाग, क्रेडा विभाग, वन विभाग, आबकारी विभाग, पीएमजीएसवाई विभाग, आदिम जाति विकास विभागों से मूलभूत सुविधाओं को लेकर गहन चर्चा की गई। इस दौरान समस्त विभागों ने अपने विभागवार विभाग की सामान्य परिचय दिया। सदस्यों सहित समस्त अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित कार्य योजनाओं की जानकारी अगले बैठक में फोल्डर में उपलब्ध कराने कहा है। जिससे उनको जिले में चल रहे कार्यों की प्रगति के बारे में सामान्य जानकारी रहे। चूंकि भरतपुर क्षेत्र जिले का दूरस्थ इलाका है तथा इन जगहों पर जनजातीय तथा विशेष जनजातियां रहती है। उनके लिए दो-तीन विभाग ने मिलकर जानकारी दी। इसमें आदिवासी विकास विभाग ने अपने योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्रावास एवं आश्रमों की जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ने के लिए प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में बताया। आयुक्त एसी ट्राइबल ने बताया कि भरतपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत समस्त मूलभूत आवश्यकताओं वालों कार्यों को धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है। इसमें सबसे प्रमुख सड़कों का कार्य है। सभी छोटे-छोटे सड़कों को जोड़ा जा रहा है। वही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सेवा विभाग को अपने विभागीय नलकूपों को ठीक करने कहा गया है। तथा पंचायत के माध्यम से लगे हैण्डपम्पों को 15 वें वित्त से ठीक कराने को कहा गया। नारायणपुर, खैरबना, बंजी तथा बुंदेली में आवास विहिन बैगा जनजातियों को जल्द से जल्द आवास स्वीकृत कराने कहा गया। इसके साथ ही कछौड़ पंचायत के माडी सरई, कुवांरपुर, देवरा तथा शिवपुर में बिजली की समस्या को ठीक करने के लिए कहा गया है। बैठक में जिला प्रशासन के सर्व विभाग प्रमुख अधिकारियों से सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का औपचारिक रूप से परिचय कराया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा उनके विभाग द्वारा संचालित केंद्रीय व राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं व उनके क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपस्थित सदस्यों को उपलब्ध कराई गई। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की संक्षेप में जानकारी दी गई।

संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों एवं आगामी कार्य योजनाओं के बारे में सदस्यों को अवगत कराया। इसके साथ ही एजेंण्डा वार विभिन बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम शर्मा ने सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य, हितग्राही मूलक योजनाओं निरीक्षण, संस्थागत प्रसव, आगंनबाड़ियों का क्रियांवयन, पीएचसी एवं सीएचसी में डाक्डरों की उपस्थिति आदि को स्वयं देखे। इसके साथ ही सीईओ के द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक का समापन किया गया। इस दौरान बैठक में जिला सदस्य श्रीमती अनीता चौधरी, श्रीमती सुखवंती सिंह, श्रीमती बेलाकुवंर, श्रीमती अनीता सिंह, उजित नारायण सिंह, रामजीत लकड़ा, श्रीमती ममता, श्रीमती प्रिया, श्रीमती जानकी बाई, श्रीमती श्याम बाई मरकाम सहित विधायक प्रतिनिधि रवि गप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश जैन ने किया। वहीं जिला पंचायत से मनरेगा एपीओ आरीफ, डीपीएम रीतेश पाटिदार, संदीप सिंह, अभिषेक साहू, दीपक पटेल, शोएब अंसारी सहित जिला पंचायत के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
NH-30 पर कार-बाइक की टक्कर, पिता-पुत्री की मौत, दो घायल
कोंडागांव/
कोंडागांव के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर मंगलवार दोपहर 3:30 बजे कार और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में पिता और उसकी 10 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मोटरसाइकिल में कुल 4 लोग सवार थे। हालांकि, मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
फरसगांव पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचा कर मामले की जांच में जुट गई है। यह हादसा फरसगांव थाना क्षेत्र के माझीआठगांव गांव के पास हुआ। यहां खराब सड़कों के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 3:30 बजे जीवन नेताम अपनी बेटी अंबिका नेताम (10 वर्ष), हिमानी नेताम और रजनती नेताम के साथ मोटरसाइकिल से फरसगांव से केशकाल की ओर जा रहे थे। सभी लोग एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। माझीआठगांव के पास सड़क पर बने गड्ढों की वजह से बाइक असंतुलित हो गई और विपरीत दिशा से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीवन नेताम और उनकी मासूम बेटी अंबिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हिमानी नेताम और रजनती को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कोंडागांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए फरसगांव मर्च्युरी भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हादसे का कारण सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों को बताया है, जिसे लेकर वर्षों से शिकायतें की जा रही हैं।
सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें -कलेक्टर श्री कटारा 05 से 31 मई तक होगा समाधान शिविर का आयोजन जलस्रोत संरक्षण और पेयजल आपूर्ति को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश
विकास कुमार यादव/बिहान छत्तीसगढ़/
बलरामपुर - संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय गतिविधियों, राजस्व न्यायालय में लंबित प्रकरणों, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री कटारा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ
समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को समय रहते हस्तांतरित करने के निर्देश दिये, ताकि उनका शीघ्र एवं व्यवस्थित निराकरण सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर श्री कटारा ने प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी आवेदकों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा साथ ही निराकृत प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समाधान न केवल समय पर बल्कि गुणवत्तापूर्ण एवं आवेदकों की संतुष्टि के अनुरूप होना चाहिए। कलेक्टर श्री कटारा ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण में 05 मई से 31 मई 2025 तक चिन्हित स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जहां शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण और शिकायतों के समाधान की जानकारी मौके पर दी जाएगी। कलेक्टर श्री कटारा ने शिविर स्थलों पर पेयजल, पंडाल, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयपूर्व पूर्ण करने को कहा। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने पीएचई विभाग को जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा । उन्होंने मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों का संरक्षण और सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए योजना अंतर्गत स्वीकृत कुएं, डबरी तथा तालाब गहरीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करायें।
बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से सीमांकन संबंधी प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर श्री कटारा ने अविवादित व विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, बंटवारा एवं भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व जनपद सीईओ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं
विकास कुमार यादव/बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर - संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक के पश्चात् जनदर्शन का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
नक्सल पीड़ितों एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए जिला स्तरीय समिति गठित
विकास कुमार यादव/बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग के निर्देशानुसार नक्सल पीड़ित व्यक्तियों/परिवारों तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास एवं अन्य व्यवस्था हेतु छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण/पीड़ित राहत पुनर्वास नीति 2025 के अनुसार राहत एवं पुनर्वास से संबंधित कार्ययोजना को कार्यान्वित व समीक्षा करने के लिए कलेक्टर राजेन्द्र कटारा द्वारा जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
जिसमें कलेक्टर अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक सदस्य सचिव व वनमण्डलाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कमाण्डेंट 12वीं वाहिनी, छसबल रामानुजगंज को सदस्य बनाया गया है।
शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत घोरगड़ी के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित
विकास कुमार यादव/बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर - अनुविभागीय अधिकारी राजपुर ने जानकारी दी है कि विकासखण्ड राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत घोरगड़ी में स्व-सहायता समूह घोरगड़ी खास, शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत घोरगड़ी को विभिन्न कारणों से पृथक किया गया है।
अब शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम पंचायत घोरगड़ी का संचालन नवीन संचालन एजेंसी को प्रदान किया जाना है। इसके लिए इच्छुक संस्था/स्व सहायता समूह/नगर पंचायत संचालन करना चाहते हैं वे कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर में निर्धारित प्रारूप में 12 मई 2025 कार्यालयीन समय तक आवेदन जमा कर सकते हैं। समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जावेगा।
अश्लील हरकत के आरोप में मिलिंद जैन पर हुआ ,एफ आई आर ।
सौरभ यादव/ बिहान छत्तीसगढ़ /
तिल्दा-नेवरा। अश्लील हरकत के आरोप में तिल्दा-नेवरा पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफ आई आर दर्ज किया है । मामला बिते दिन का है ,मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिन 26 अप्रेल को तिल्दा-नेवरा निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिक बालिका सिंधी पंचायत भवन के सामने अपने बहनों के साथ मेमोस खा रहे थे ,इसी दरम्यान आरोपी युवक मिलिंद जैन मौके पर कार से आये और पिडिता को देखकर कार को रोककर सिर से इशारा करते हुए कही और चलने को कहा
, जिससे पिडिता भयभीत होकर अपने मामा को जोर से आवाज लगाया । आवाज़ सुनकर पिडिता के मामा मौके पर आकर कार के सामने खड़े होकर पिडिता नाबालिग से आवाज लगाने का कारण पूछा , पिडिता ने सारी घटना की जानकारी अपने मामा को दिया ,तदुपरांत पिडिता के मामा व मिलिंद जैन के मध्य वाद विवाद हुआ ।
वहीं बताया जा रहा है कि पिडिता नाबालिग को इसके पूर्व मे भी आरोपी मिलिंद जैन जो उनके घर के समीप निवास करता है ,इनके द्वारा अश्लील इशारा किया गया था ,जिसकी जानकारी पिडिता ने अपने माता पिता को भी दिया था । इस मामले की शिकायत पिडिता पक्ष के द्वारा तिल्दा-नेवरा थाना में दर्ज करायी गई है, पुलिस ने आरोपी मिलिंद जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बी एन एस 2023 धारा 79 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम धारा 12 के तहत कार्रवाई किया है ।
रायगढ़ में पकड़ाए पाकिस्तानी भाई-बहन:कराची में जन्मे, मां की शादी भारत में हुई; गलत जानकारी देकर बनवाया फर्जी वोटर ID
रायगढ़/
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 2 पाकिस्तानी भाई-बहन पर कार्रवाई की गई है। इनके पास वैध पासपोर्ट और लॉन्ग टर्म वीजा था, लेकिन फर्जी तरीके से मतदाता पत्र बनवाया गया था। जिसे देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
मामला जूटमिल थाना इलाके का है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस की ओर से बाहरी राज्यों से आए लोगों को लेकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच जूटमिल थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम कोडातराई में याकूब शेख के मकान में दो पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। पूछताछ में पता चला कि, अर्निश शेख और इफ्तिखार शेख दोनों भाई-बहन हैं और पाकिस्तानी नागरिक हैं। दोनों ने भारतीय नागरिकता प्राप्त किए बिना अवैध रूप से मतदाता परिचय पत्र बनवा लिया है। इसके बाद जूटमिल थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी अपने उच्च अधिकारियों को दी। साथ ही टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मौके पर वीजा, पासपोर्ट, मतदाता परिचय पत्र और बैंक पासबुक जैसे दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि पासपोर्ट पाकिस्तान का है और LTV (लॉन्ग टर्म वीजा) वैध (सही) है। सिर्फ मतदाता कार्ड गलत है। दोनों ने भारत निर्वाचन आयोग के फॉर्म नंबर 6 में गलत जानकारी देकर ये कार्ड बनवाया था।
ऐसे में पुलिस ने इफ्तिखार शेख (29 साल) और अर्निश शेख (25 साल) के खिलाफ धारा 199, 200, 419, 467, 468, 34 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड में जेल भेज दिया है।
जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि, माताजी पाकिस्तान की है उनका अभी देहांत हो चुका है। उनकी शादी भारत में हुई थी। वह डिलीवरी के लिए पाकिस्तान गई थी। इफ्तिखार शेख और अर्निश शेख का जन्म पाकिस्तान के लांडी, कराची में हुआ है।
इसी के चलते उनके पास भारत की नागरिकता नहीं है। दोनों अभी कोडातराई में रह रहे थे। पासपोर्ट वीजा सभी वैध पाए गए, सिर्फ फर्जी तरीके से मतदाता परिचय पत्र बनवाया था। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जल जीवन मिशन की विफलता बलरामपुर जिले में पानी की समस्या
विकास कुमार यादव /बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर जिले में कई ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है, अधिकतर पंचायतों में नलकूप खराब पड़े हैं, तो किसी-किसी हेडपंप में पीने लायक पानी नहीं है,केन्द्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे महत्वपूर्ण योजना जल जीवन मिशन भी फेल होते नजर आ रहा है,बलरामपुर जिले के कई ग्राम पंचायतों में नलकूप खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है,
हेडपंप में पानी की गुणवत्ता खराब
किसी-किसी हेडपंप में पीने लायक पानी नहीं है, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
जल जीवन मिशन की विफलता
जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना है, लेकिन बलरामपुर जिले में यह योजना फेल होती नजर आ रही है,
ग्रामीणों को पानी की कमी के कारण दैनिक जीवन में परेशानी हो रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य और आजीविका पर भी असर पड़ रहा है।
समाधान की आवश्यकता
बलरामपुर जिले में पानी की समस्या का समाधान करने के लिए तत्काल कार्यवाही की आवश्यकता है। नलकूपों की मरम्मत और हेडपंपों की सुधार से ग्रामीणों को पानी की कमी से निजात मिल सकती है। साथ ही, जल जीवन मिशन को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी कदम उठाने होंगे।
पहलगाम में हुए आतंकी हमला में मारे गए शहीदों को प्रतापपुर के एनएसयूआई के द्वारा कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी।
प्रतापपुर, बिहान छत्तीसगढ़ न्यूज़।/
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए पर्यटक को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं प्रतापपुर के बस स्टैंड कॉलेज चौक के पास मोमबत्ती जलाकर 2 मिनट का मौन धारण किए ।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम के मार्गदर्शन व सूरजपुर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आकाश कुमार साहू के द्वारा इसके उपरांत छात्र नेताओं व कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश जताया। पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम सिंह टेकाम ने इस आतंकी हमले को कड़ी निंदा करते हुए आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है उन्होंने शहीदों के परिवार जनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी आतंकवाद के खिलौने हरकत के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। एनएसयूआई के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंदन गुप्ता छात्र नेता मोहम्मद दिलशाद अंसारी पंकज सिंह अजय सिंह लालु धर्मजीत अमृता सिंह स्वयं व रिजवान अंसारी रिंकी मरावी अमृता सिंह गीता सिंह लालमुन दानिश चंदू सुनील, समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे और देशभक्ति के नारे लगाकर शहीदों का सम्मान में कैंडल जलाकर किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेन्द्रगढ़ में कई अहम स्वास्थ्य परियोजनाओं का भूमिपूजन किया स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र की समृद्धि के लिए त्वरित कार्यवाही का किया आह्वान
राजेश साहू ब्यूरो, जिला-एमसीबी/
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कार्पाेरेशन लिमिटेड के अंतर्गत शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ एवं सीएचसी मनेन्द्रगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि माननीय श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मनेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री (लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय श्रीमती प्रतिमा यादव, अध्यक्ष नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ के उपाध्यक्ष माननीय श्री धमेन्द्र पटवा, वार्ड क्र. 14 के पार्षद माननीय श्री ओमप्रकाश जायसवाल तथा वार्ड क्र. 18 के पार्षद माननीय श्री अनिल प्रजापति के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष माननीय श्री वीरेन्द्र राणा भी उपस्थित थे। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ हेतु म्यूजियम, फिजियोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग एवं व्याख्यान कक्ष निर्माण कार्य 194.00 लाख, सीएचसी मनेन्द्रगढ़ को 220 बिस्तर सिविल अस्पताल में अपग्रेड करने के लिए 40 बिस्तरों वाले वार्ड का निर्माण कार्य 76.09 लाख, नवीन ओपीडी एवं 50 बिस्तरों वाले वार्ड का निर्माण कार्य 174.75 लाख, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ में लाइब्रेरी एवं विभागाध्यक्ष कक्ष का निर्माण कार्य 125.00 लाख का भूमि पूजन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं नगर पालिका परिषद् मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिभा यादव और सभी जनप्रतिनियों के कर कमलो से किया गया।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा, जब स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने झगराखांड स्थित खेल परिसर में बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य और विकास परियोजनाओं का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्र को नई सौगात दी। समारोह में क्षेत्रवासियों के उत्साह और उम्मीदों का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ में म्यूजियम, फिजियोलॉजी विभाग, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग और व्याख्यान कक्ष के निर्माण की आधारशिला रखी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ को 220 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सिविल अस्पताल में परिवर्तित करने हेतु नवीन ओपीडी, 40 बिस्तरों वाला वार्ड और 50 बिस्तरों के अतिरिक्त वार्ड का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हुआ। साथ ही मेडिकल कॉलेज में एक अत्याधुनिक पुस्तकालय और विभागाध्यक्ष कक्ष का निर्माण भी प्रस्तावित है। इन सभी कार्यों पर कुल 174.75 लाख रुपये की लागत आएगी, जो आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को नए आयाम प्रदान करेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं के और अधिक सुदृढ़ीकरण के लिए 8 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक सिटी स्कैन हॉस्पिटल की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही शवों के सुरक्षित रख-रखाव हेतु चार अत्याधुनिक फ्रीजर भी लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और सुविधा में ऐतिहासिक सुधार आएगा। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि समय के साथ कदम मिलाकर चलना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समृद्धि के लिए त्वरित कार्यवाही आवश्यक है, और इसलिए सीजी एमएससी के एडीकेटेट इंजीनियर की उपस्थिति में निर्माण कार्यों को तत्काल आरंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। आमाखेरवा में बनने वाला 220 बिस्तरों का विशाल अस्पताल न केवल चिकित्सा सेवा का केंद्र बनेगा, बल्कि हॉस्टल, ऑडिटोरियम और विशाल खेल मैदान के साथ क्षेत्र के युवाओं के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।
मनेंद्रगढ़ क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज की भी सौगात मिलने जा रही है, वहीं भरतपुर में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल, खड़गवां में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चिरमिरी में नया जिला अस्पताल भी स्वीकृत हो चुका है। रांची के तर्ज पर मनेंद्रगढ़ में एक अत्याधुनिक मानसिक चिकित्सालय (मेंटल हॉस्पिटल) की स्थापना का भी श्रीगणेश किया जाएगा। इसके साथ ही फिजियोथैरेपी हॉस्पिटल और उसका कॉलेज भी मनेंद्रगढ़ में स्थापित करने का संकल्प लिया गया है। परिवहन और शिक्षा के क्षेत्र में भी क्रांतिकारी निर्णय लिए गए हैं। चैनपुर से चिरमिरी तक टू-लेन सड़क का निर्माण, पोड़ी क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर और पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना तथा खड़गवां में एग्रीकल्चर कॉलेज की स्वीकृति क्षेत्र की विकास गाथा को नई दिशा देंगे। नागपुर से चिरमिरी तक रेलवे हॉल्ट निर्माण की योजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है। हर घर तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति का कार्य भी प्रगति पर है।
पेयजल संकट को जड़ से समाप्त करने हेतु अमृत मिशन 2 के अंतर्गत दीर्घकालीन योजना तैयार की गई है, ताकि आने वाले सौ वर्षों तक क्षेत्र में जल संकट ना हो। हसदेव नदी में जलापूर्ति बढ़ाने हेतु केवई नदी को जोड़ने की परियोजना भी शीघ्र आरंभ होगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सिद्ध बाबा मंदिर पहाड़ी पर 70 करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति और वनों का विकास किया जाएगा। साथ ही, सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में छत्तीसगढ़ का सबसे ऊंचा, 111 फीट का भव्य राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, जो पूरे क्षेत्र का गौरव बनेगा। भरतपुर क्षेत्र को देश के तीसरे सबसे बड़े टाइगर रिजर्व श्गुरु घासीदास तोमर पिंगला टाइगर रिजर्वश् का गौरव प्राप्त होगा, जिसके चार गेट भरतपुर, सोनहत (कोरिया), सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में बनेंगे, जिससे पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।
मनेंद्रगढ़ या चिरमिरी में नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने और शिक्षा क्षेत्र में नवीनतम टेक्नोलॉजी को लाने की भी योजना बनाई गई है। साथ ही 8 करोड़ की लागत से सिटी स्कैन हॉस्पिटल और डेट बॉडी रखने के लिए चार मॉर्च्युरी फ्रीजर लगाने की बात कही है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा, श्रीमती अनीता सिंह पार्षद ओम प्रकाश जायसवाल, राजू यादव, अनिल प्रजापति, उर्मिला जायसवाल,नीलू जायसवाल, सुनैना विश्वकर्मा, सुशीला सिंह, माया सोनकर, किरण कुजूर, जमील शाह, सपन महतो, मोहम्मद इमरान, कपिल सिन्हा, अजय जायसवाल, लखन श्रीवास्तव, श्रीमती ऊषा करियाम, जमुना, रामचरित द्विवेदी, अंकुर जैन, जया, बबीता सिंह, एसडीएम लिंगराज सिदार, सीएमएचओ अविनाश खरे, बिलासपुर सिम्स कॉलेज के डीन रमणेश मूर्ति, अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज के डीन अविनाश मेश्राम, नोडल अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र कश्यप, कार्यपालन अधिकारी महेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. लखन सिंह, सीएमओ मुक्ता चौहान, डीपीएम डॉ. पुष्पेन्द्र सोनी, सहायक अभियंता संतोष सोनी, बीपीएम संतोष नायक के साथ सभी अधिकारी कर्मचारीगढ़ उपस्थित थे।
शिकार बना हादसा: सूअर के शिकार में चली गोली से छात्र की मौत, आरोपी हिरासत में
विकास कुमार यादव/ बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के डिंडो चौकी अंतर्गत बिमलापुर के जंगलों में शुक्रवार शाम को शिकार के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव बेलसर निवासी राजेंद्र पंडो (40) द्वारा चलाई गई भरमार बंदूक से साथी युवक मुकेश कुमार आयाम (18) की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र पंडो और मुकेश कुमार आयाम अन्य ग्रामीणों के साथ जंगली सूअर का शिकार करने जंगल गए थे। शिकार के दौरान सभी लोग अलग-अलग दिशा में फैल गए थे। इसी बीच झाड़ियों में हलचल की आवाज सुनकर राजेंद्र ने सूअर समझकर अपनी भरमार बंदूक से फायर कर दिया। दुर्भाग्य से गोली मुकेश की पीठ में जा धंसी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना से घबराए राजेंद्र पंडो ने देर शाम गांव लौटकर ग्रामीणों को इस हादसे की जानकारी दी। सूचना पर शनिवार सुबह डिंडो पुलिस एवं त्रिकुंडा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने शव का पंचनामा कर पुलिस जांच कर रही है। रामानुजगंज एसडीओपी बाजी लाल सिंह भी मौके का निरीक्षण करने पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी राजेंद्र पंडो को हिरासत में ले लिया है और फिलहाल फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर मामले का जांच कर रहे है।
एसडीओपी बाजी लाल सिंह ने बताया कि सूअर के भ्रम में राजेंद्र पंडो द्वारा गोली चलाना बताया गया है। उनके और साथी भी जंगल में शिकार के लिए गए होंगे। शिकार के लिए एक या दो ग्रामीण नहीं जाते हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
क्रशर संचालन में अनियमितता पर प्रशासन सख्त ग्राम भेस्की में संचालित क्रशर को किया गया सील
विकास कुमार यादव/बिहान छत्तीसगढ़ /
बलरामपुर - जिले में कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन गतिविधियों पर प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।इसी कड़ी में विकासखंड राजपुर के ग्राम भेस्की में संचालित मां महामाया क्रशर को सील कर दिया गया
,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजपुर राजीव जेम्स कुजूर के नेतृत्व में राजस्व विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जांच में पाया गया कि क्रशर संचालनकर्ता द्वारा क्रशर संचालन में अनियमितता बरती जा रही थी
,गिट्टी क्रशर खदान को निर्धारित मापदंड के अनुरूप ना पाते हुए संयुक्त टीम के द्वारा राजपुर विकासखण्ड के ग्राम भेस्की में संचालित मां महामाया गिट्टी क्रशर के द्वारा क्रशर संचालन में अनियमितता बरतने पर प्रशासन ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
शिक्षा गुणवत्ता में सुधार की जिम्मेदारी प्राचार्यों की - उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल
विकास कुमार यादव/बिहान छत्तीसगढ़ /
राजपुर - जनपद सभाकक्ष में स्थाई शिक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने सभी प्राचार्यों को शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु निर्देशित किया,उन्होंने कहा कि प्राचार्यों को अपने स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विशेष ध्यान देना होगा।
पालकों की प्रतिमाह बैठक आयोजित करने के निर्देश
आकाश अग्रवाल ने प्राचार्यों को पालकों की प्रतिमाह बैठक आयोजित करने और उनकी उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा, इससे पालकों को अपने बच्चों की प्रगति के बारे में जानकारी मिल सकेगी और वे अपने बच्चों की शिक्षा में अधिक रुचि ले सकेंगे,
बैठक में जनपद उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल, जनपद सदस्य कमला प्रसाद सिंह करमसाय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी आदित्य पाटनवार, मंडल संयोजक संतोष सिंह और सभी स्कूलों के प्राचार्य, आश्रम और छात्रावास के अधीक्षक उपस्थित रहे,बैठक में स्कूलों के परीक्षा परिणाम, शिक्षा गुणवत्ता पर सुधार और शैक्षणिक गतिविधियों पर सार्थक चर्चा हुई, इससे शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई और आगे की कार्यवाही के लिए योजना बनाई गई।