जिला
जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 25 से 30 जून तक आयोजित होंगे ग्राम सभा
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर - छत्तीसगढ़ अनुसूचित क्षेत्र की ग्रामसभा (गठन सम्मिलन की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन) नियम 1998 के नियम 06 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में 25 से 30 जून 2025 तक ग्राम सभा का आयोजन करने के निर्देश दिये हैं।
छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 6 (2) (क) के तहत् गणपूर्ति के साथ-साथ ग्राम सभा में सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति करवाने का दायित्व सचिव, सरपंच एवं पंच का होगा। ग्राम सभा की कार्यवाही छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 129 ख (3) एवं छत्तीसगढ़ पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्र पर विस्तार) नियम 2022 के अनुसार संचालित होगी।
ग्राम सभा की बैठक में ग्राम सभा की पूर्व बैठक में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन, पंचायतों के विगत तिमाही आय-व्यय की समीक्षा एवं अनुमोदन, पिछली वर्ष में विभिन्न योजनाओं से स्वीकृत कार्य के नाम, प्राप्त राशि, स्वीकृत राशि, व्यय राशि एवं कार्य की अद्यतन स्थित का वाचन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजनांतर्गत ग्राम पंचायतों में ग्रामीण परिवारों द्वारा रोजगार की मांग तथा उपलब्ध कराये गये रोजगार की स्थिति की समीक्षा, पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्रकरणों के लंबित, निराकृत, एवं वितरित प्रमाण-पत्रों की जानकारी, मौसमी बीमारियों को निदान एवं निवारण पर चर्चा एवं उससे निपटने चिकित्सकीय सुविधाओं का अवलोकन करना, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रगति की समीक्षा, मोर गांव मोर के संबंध में संकल्प, स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 का प्रचार-प्रसार सहित अन्य विषयों पर चर्चा किया जाएगा।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत आयोजित शिविर के माध्यम से 990 हितग्राही हुए लाभान्वित
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर की रिपोर्ट
________
सूरजपुर/22 जून 2025/* भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत सूरजपुर जिले के चिन्हित जनजातीय गांवों में व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य आदिवासी अंचलों में बुनियादी सुविधाएं, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आदिवासी समुदायों को लाभान्वित कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले के विभिन्न विकासखण्डों में अभियान अंतर्गत शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवसशिविर कार्यक्रम में आधार कार्ड के 47, राशन कार्ड के 111, आयुष्मान कार्ड के 138, जाति प्रमाण पत्र के 86, निवास प्रमाण पत्र के 97, किसान क्रेडिट कार्ड के 64, पीएम किसान सम्मान निधि के 79, वृद्धावस्था पेंशन के 33, विधवा पेंशन के 17, दिव्यांग पेंशन के 03, सिकल सेल परीक्षण के 81, टीकाकरण के 43, जनधन खातों के 13, मनरेगा के 65, पीएम मातृत्व वंदन योजन के 73 तथा उज्ज्वला योजना अंतर्गत 30 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 990 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन _________
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/22 जून 2025/ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरजपुर के मार्गदर्शन में आज राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत साहू समाज के विकासखंड इकाई वं जिला इकाई एवं विकासखंड सूरजपुर के स्वास्थ्य टीम द्वारा एक सामाजिक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में डी0आर0पैकरा द्वारा सिकल सेल एनीमिया के विषय में बताते हुए जानकारी दी की राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदी जी ने 1 जुलाई, 2023 को शहडोल, मध्य प्रदेश में किये थे। सिकल सेल बीमारी हीमोग्लोबिन (लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला वह प्रोटीन जो ऑक्सीजन ले जाता है) की वंशानुगत आनुवंशिक असामान्यता है। इसमें लाल रक्त कोशिकाओं के ज़्यादा मात्रा में नष्ट हो जाने के कारण लाल रक्त कोशिकाओं का आकार सिकल (अर्धचंद्राकार) हो जाता है और क्रोनिक एनीमिया हो जाता है। सिकल सेल रोग एक आनुवंशिक रक्त रोग है जो प्रभावित रोगी के पूरे जीवन को प्रभावित करता है। यह भारत की आदिवासी आबादी में अधिक आम है, लेकिन गैर-आदिवासियों में भी होता है। कार्यक्रम में उपस्थिति कार्यक्रम प्रबंधक सुरेश वर्मा द्वारा बताया गया सिकल सेल रोग के प्रमुख लक्षण मुख्यतः1.भूख न लगना, 2.खून की कमी से उत्पन्न एनीमिया ,3.हल्का एवं दीर्घकालीन बुखार रहना4.थकावट
5.त्वचा एवं आंखों में पीलापन (पीलिया) 6.बार-बार पेशाब आना व मूत्र में गाड़ापन 7.तिल्ली में सूजन
8.चिड़चिड़ापन और व्यवहार में बदलाव9.वजन और उंचाई सामान्य से कम 10.हाथ-पैरों में सूजन
11.सांस लेने में तकलीफ
12.हड्डियों और पसलियों में दर्द कि साथ ही इन 5 परिस्थितियों में हमें सिकलिंग जांच जरूर करना चाहिए
1. गर्भावस्था में 2. बार बार खून की कमी होना 3. अगर बच्चों में जोड़-जोड़ में हमेशा दर्द रहता हो 4. कभी जांच में पीलिया या पिवरी हुआ हो 5. परिवार में मॉ, पिताजी, भाई या बहन किसी को भी सिकलिंग की बीमारी है,तब आवश्यक रूप से सिकलिंग जाँच करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित मेडिकल लेब टेक्नोलॉजीस्ट इमरान खान ने बताया कि जिस तरह विवाह में युवक युवती के कुंडली को मिलाया जाता है इस तरह अब इस बीमारी को रोकने के लिए विवाह पूर्व समाज के युवक एवं युवती के स्वास्थ्य कुंडली जिसमें सिकलिन जांच को अनिवार्यता हो और वाहक,ग्रसित, स्वस्थ की पहचान कर बचाव के नियमों के पालन करते हुए विवाह प्रस्ताव तैयार किये जायें, उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सिकिलिंग टेस्ट कराए जाने का अनुरोध किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अमित भगत द्वारा बताया गया कि सिकल के मरीज क्या सावधानी बरते
1. रोज करीब 8-10 गिलास पानी पीना चाहिए। ध्यान रहे शरीर में पानी की कमी ना होने दे। इससे दर्द बढ़ सकता है।
2. गर्मी के मौसम में शरीर का पानी और काम हो जाता है ऐसे में विशेष रूप से ध्यान दें।
3. दर्द या बुखार आने पर एक पैरासेटामॉल की गोली दे सकते है।
4. तौलिया गरम पानी से निचोड़कर उसे दर्द वाले जगह रख सकते है। पर ध्यान रहे ठंडा तौलिया ना रखे।
5. एसएस वाले मरीजों को हाइड्रोक्सीयूरिया की गोली नियमित रूप से लेना चाहिए।
6. शादी से पहले लड़का और लड़की दोनों सिकलिंग की जरूर जांच करें। यदि दोनों को सिकलिंग बीमारी है तो बच्चे को भी बीमारी होने का खतरा रहता है। कार्यक्रम के अंत में साहू समाज के पूर्व अध्यक्ष रामकृपाल साहू द्वारा अस्वस्थ किया गया कि सिकलिन के विषय में बताई गई जानकारी को समाज के प्रत्येक लोगों तक पहुंचाया जाएगा एवं समाज में सिकलिन बीमारी हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा साथ ही विवाह पूर्व स्वास्थ्य कुंडली बनाए जाने हेतू कार्ययोजना तैयार कर कार्य करने की बात कही उनके द्वारा उपस्थित समस्त लोगों का आभार एवं स्वास्थ्य विभाग धन्यवाद ज्ञापन किया गया संस्कार कार्यक्रम का संचालक संचालन मनीष दीपक साहू द्वारा किया गया उक्त कार्यक्रम मेंसमाज में उपस्थित प्रमुख सदस्य
रामकृपाल साहु- पूर्व जिला अध्यक्ष साहु संघ सुरजपुर ,प्रदेश कर्यसमिती सदस्य (भाजपा),सुशील साहू जी उपाध्यक्ष तहसील साहु संघ सुरजपुर,
राम प्रान साहु जी कोषाध्यक्ष तहसील साहु संघ सुरजपुर, नंदलाल साहु जी अध्यक्ष ग्राम ईकाई चंदरपुर ,मनीष दीपक साहु प्रदेश साहलकार (छ. प्रदेश साहू संघ ,शांति बाई, दुबाला साहु, पुषमावती साहू , फूलमती साहू, गंगा राम साहु, निर्माता साहु, नीता साहु, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अमित भगत विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुरेश वर्मा बीईईओ में0ले0टी0 इमरान खान आर.ए.चो. बिंदेश्वर गुप्ता, नीता साहू एम आदि उपस्थित रहे
पहाड़ी कोरवा आत्महत्या मामले में सर्व आदिवासी समाज ने 7 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएच 343 में चक्का जाम किया
ब्यूरो रिपोर्ट बलरामपुर - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर/राजपुर/बरियों।बलरामपुर जिले के बरियों पुलिस चौकी अंतर्गत भेस्की गांव में पहाड़ी कोरवा आत्महत्या मामले में गिरफ्तारी व 7 सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर टेंट, पंडाल लगाकर, अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन कर एनएच 343 धौरपुर चौक पर एक घंटे तक चक्का जाम किया। वही सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर के नाम एसडीएम व एसपी के नाम राजपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। 7 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन देने के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।
सर्व आदिवासी समाज ने ज्ञापन सौंप कहा कि विनोद अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल एवं उनके सहयोगी ने भूमि दलालों के द्वारा शिवा एवं कमला देवी के नाम पर पहाडी कोरवा एवं अन्य आदिवासियों की सैकड़ों एकड़ भूमि को बेनामी समव्यवाहार कर फर्जी रजिस्ट्री कराने एवं मृतक भईरा पहाडी कोरवा को प्रताडित कर आत्महत्या करने पर मजबूर करने और आदिवासी व्यक्ति को जिन्दा क्रेशर में डाल कर हत्या करने के सम्बध में सर्व आदिवासी समाज सरगुजा संभाग द्वारा सात सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा हैं।
सात सूत्रीय मांगों में ?
01. मृतक भईरा पहाड़ी कोरवा पिता चुटरू कोरवा के परिजन को दो करोड़ रूपये आर्थिक सहायता राशि दिलाया जाए। सहायता राशि डीएमएफ. फण्ड से या विनोद अग्रवाल की सम्पति कुर्की कर प्रदान किया जाए।
02. जुबरों की भूमि को विनोद अग्रवाल द्वारा शिवा के नाम कराई गई फर्जी रजिस्ट्री में संलिप्त सभी दलालों, व्यक्तियों आरोपियो के विरूध एसटीएससी एक्ट की धारा 3 (1) (एफ) 3 (1) (द) 3 (2) (वी ए) जोडा जाए एवं तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
03. विनोद अग्रवाल द्वारा आदिवासी बोदरो पिता धीर साय जाति गोंड को जिन्दा क्रेशर में डाल कर हत्या कर दिया गया है उक्त प्रकरण को रिओपेन कर उक्त हत्या में संलिप्त सभी व्यक्तियो के विरूध हत्या एवं एसटीएससी एक्ट की धारा 3 (1) (एफ) 3 (1) (द) 3 (2) (वी ए) के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपीगणों को तत्कार गिरफ्तार किया जाए।
04. जुबरों की भूमि को विनोद अग्रवाल द्वारा शिवा के नाम कराई गई फर्जी रजिस्ट्री को निरस्त कर भूमि वापस दिलाई जाए।
05. विनोद अग्रवाल एवं प्रविण अग्रवाल द्वारा शिवा एवं कमला के नाम पर पहाडी कोरवा एवं अन्य अदिवासियों की सैकडो एकड़ भूमि को बेनामी फर्जी रजिस्ट्री कराया गया है ग्राम भेस्की की सोमार साय, घासी, चमार साय, गोदरो, भोला, बईगा ग्राम बरियों की कुबेर साय व अन्य पहाडी कोरवा एवं आदिवासियों की भूमि को शिवा एवं कमला के नाम पर विनोद अग्रवाल एवं प्रविण अग्रवाल द्वारा कराई गई सभी बेनामी रजिस्ट्रीयों को निरस्त कर आदिवासियों को भूमि वापस दिलाई जाए।
06. ग्राम भेस्की बरियों, बघिमा, घोरघडी, डिगनगर में संचालित सभी क्रेशर की जांच की जाए एवं अवैध लीज को निरस्त किया जाए, एनजीटी. के विरूद्ध संचालित असवैधानिक क्रेशरों को बन्द किया जाए एनजीटी. के नियमों का पालन कराया जाए।
07. कृष्णा एवं सोमारी की संयुक्त खाते की भूमि को सह खाते दार कुबेर को अगवा कर बंधक बना कर भया दोहन कर धोखा धडी एवं छल कपट कर विनोद अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, सुनिल अग्रवाल, सुदामा उर्फ बाबुलाल श्रीवास्तव, उदय कुमार शर्मा, कमला देवी राहुल सिंह, यसवंत कुमार द्वारा फर्जी रजिस्ट्री कराने के सम्बध में पुलिस चौकी बरियों को दी गई आवेदन पर एफआईआर. दर्ज किया जाए और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
इस दौरान मौके पर कुसमी एसडीओपी इमानुएल लकड़ा, एसडीएम देवेन्द्र कुमार प्रधान, नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार कंवर, राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, शंकरगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल, सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, पस्ता थाना प्रभारी विमलेश सिंह, बरियों चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह सहित करीब 50 पुलिस बल तैनात थी।
जिला एमसीबी मनेंद्रगढ़: शिक्षा विभाग में भारी भ्रष्टाचार के आरोप, डीईओ अजय मिश्रा पर गंभीर आरोपों की बौछार
राजेश साहू ब्यूरो, जिला-एमसीबी
मनेंद्रगढ़ | विशेष रिपोर्ट 21/6/2025
जिला एमसीबी के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार की आंच दिन-ब-दिन तेज़ होती जा रही है। विभाग के मुखिया जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अजय मिश्रा पर एक के बाद एक गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। रिश्वतखोरी, पक्षपातपूर्ण युक्तियुक्तकरण और चहेते शिक्षकों को नियमविरुद्ध तरीके से लाभ पहुँचाने जैसे मामले अब खुलकर सामने आ चुके हैं।

चहेते शिक्षकों को मनचाहे स्कूलों में नियुक्ति
सूत्रों के अनुसार, डीईओ अजय मिश्रा ने युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के नाम पर शासन के दिशा-निर्देशों की धज्जियाँ उड़ाते हुए अपने करीबी शिक्षकों को मनचाहे शहरी विद्यालयों में पदस्थ किया। इसके लिए नजदीकी स्कूलों की रिक्त सीटों को जानबूझकर छुपाया गया और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत योग्य शिक्षकों को अनदेखा कर दिया गया। यह न सिर्फ सरकारी नियमों की अवहेलना है बल्कि शिक्षा विभाग में गहराते भ्रष्टाचार की सीधी तस्वीर भी है।
रिश्वतखोरी में संलिप्त लिपिक को संरक्षण
डीईओ मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने विभाग के स्थापना शाखा में संलग्न एक सहायक ग्रेड-3 दुर्गेश उपाध्याय को संरक्षण दे रखा है। यह कर्मचारी न केवल 7000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है बल्कि कथित रूप से प्रति माह 80 हजार रुपए शराब पर खर्च करने की बात भी खुलेआम करता है। उसकी डीईओ से नजदीकी इतनी मजबूत है कि उस पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई, उल्टा उसे मनमर्जी से काम करने की छूट दी गई है।

शासन और जनता दोनों के साथ धोखा
डीईओ के कार्यों से यह स्पष्ट होता है कि वह न केवल शासन के नियमों की अवहेलना कर रहे हैं, बल्कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को भी व्यक्तिगत लाभ और साजिशों की बलि चढ़ा रहे हैं। युक्तियुक्तकरण जैसे महत्वपूर्ण सरकारी अभियान को अपनी राजनीति और भ्रष्टाचार का औजार बनाकर उन्होंने विभाग की साख को गहरी चोट पहुँचाई है।
जांच और कार्रवाई की मांग
पूर्व विधायक गुलाब कमरों, कई सामाजिक संगठनों और शिक्षक संघों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने डीईओ को तत्काल निलंबित कर स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
निष्कर्ष:
जिला एमसीबी मनेंद्रगढ़ में शिक्षा विभाग एक गहरे संकट से गुजर रहा है, जिसकी जड़ में विभागीय प्रमुख अजय मिश्रा पर लगे भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप हैं। यदि शीघ्र ही इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो यह न केवल शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुँचाएगा, बल्कि शासन की छवि को भी गहरा आघात देगा।
पी.आई.एल. में कार्यक्रम आयोजित कर ग्राम मित्र ने मनाई विश्व योग दिवस
जांजगीर चांपा-
ग्राम मित्र समाज सेवा संस्था चांपा द्वार शनिवार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा में प्रवासी के बीच मनाया गया। जिसमें योग के फायदे तथा भारत ने मानव समाज को जीवन शैली को अधिक अच्छा व स्वस्थ रखकर जीने की कला के रूप में योग को दिया है। यह गर्व की बात है कि हमारे ऋषि मुनियों ने यह योग जैसी कला हजारों साल पहले ही हमारे देश में किया जा रहा है। वह दुनिया को मार्गदर्शन करने की शक्ति प्रदान करता है, पर यह दुख की बात है कि आज हमारे ही देश में पाश्चात्य शिक्षा को अधिक महत्व दिया जा रहा है। भारतीय शिक्षा कहीं लुप्त होती दिख रही है,जिस पर आज सभी प्रवासियों ने संकल्प लिया है की स्वस्थ शरीर स्वस्थ मन स्वस्थ भारत के लिए प्रतिदिन आधे घंटे योग कर दी गई परंपरा को आगे बढ़ाएंगे और स्वस्थ जीवन की कला दुनिया को दिखाया जाएगा। उन्हें आशाओं के साथ प्रतिदिन व्यायाम योग मुद्राएं प्राणायाम को जारी रख स्वस्थ रहने का प्रयास करने की बात कही। इस कार्यक्रम में संस्था के परियोजना प्रबंधक ढोल नाराया पटेल, एमएंडई लेखापाल वीरेंद्र तिवारी परामर्शदाता रविकांत साहू, विष्णु, माखन, शत्रुघ्न, श्याम कुमारी यादव वाह प्लांट के अधिकारी कर्मचारी 50 लोग लाभान्वित हुए।
कृषि मंत्री को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
विकास कुमार यादव -बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम को सर्किट हाउस में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। इस दौरान अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
‘‘योगः एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग’’ की थीम पर मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हाई स्कूल मैदान में किया गया सामूहिक योगाभ्यास मंत्री श्री नेताम ने विभिन्न आसनों का अभ्यास कर प्रतिदिन योग करने का दिया संदेश
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर - अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल बलरामपुर के खेल मैदान में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इसके साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों पर भी सामूहिक योग प्रदर्शन किया गया। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इस दौरान कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, जिला पंचातय उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, नगरपालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, गणमान्य नागरिक ओमप्रकाश जायसवाल, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योगाभ्यास किया।
जिले से योग प्रशिक्षकों के द्वारा योगाभ्यास कराया गया। सामूहिक योग कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रकार के आसनों का अभ्यास एवं प्राणायाम कर नियमित योग के साथ प्रतिदिन योग करने प्रेरित किया। इस वर्ष ‘‘योगः एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग’’ की थीम पर सभी लोगों ने उत्साह एवं नई ऊर्जा के साथ योग किया। योग की आसान संक्रियाओं को करने के साथ ही लोगों ने योग के महत्व को भी जाना। योग अपने शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। योग से नई शक्ति का संचार होता है। जिससे कार्यक्षमता बढ़ती है। उपस्थित सभी लोगों ने विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में अपने दैनिक दिनचर्या में योग क्रिया को अनिवार्य रूप से सम्मिलित करने संकल्प लिया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्त और तनावपूर्ण जीवन में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने जीवन की दिनचर्या में लगातार हो रही भागदौड़, चिंता और अनियमितता के कारण मनुष्य अनेक प्रकार की शारीरिक और मानसिक बीमारियों से ग्रस्त होता जा रहा है। ऐसे में योग एक ऐसी साधना है, जो तन, मन, आत्मा और मस्तिष्क को संतुलन प्रदान करती है। आज योग को न केवल देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज विश्व भर में लोग योग को अपनाकर लाभान्वित हो रहे हैं। चाहे वह किसी भी आयु वर्ग का व्यक्ति हो योग सभी के लिए उपयुक्त है। बच्चों से लेकर वृद्धजनों तक, सभी योग के माध्यम से निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि योग केवल आसनों या प्राणायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मनियंत्रण और सकारात्मकता को बढ़ावा देती है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि योग दिवस केवल शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि यह हर गांव, हर कस्बे और हर व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा मानते हुए अपने दिनचर्या में शामिल करने को कहा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में लगभग 600 लोग शामिल हुए। जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारी-कर्मचारीगण, स्कूली बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी इस समारोह में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। योग शिक्षक ने प्रार्थना, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भ्रदासन, वज्रासन, योग निद्रासन, मकरासन जैसे अन्य योग भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
योग कार्यक्रम के पश्चात् कृषि मंत्री श्री नेताम के द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना अंतर्गत बीज मिनी कीट का वितरण किया गया। हाई स्कूल मैदान परिसर में ही ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ मुख्य अतिथि श्री नेताम ने मौलश्री के पौधे का रोपण किया साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के द्वारा नीम एवं करंज के पौधे का रोपण भी किया गया।
मतदान केन्द्रों में किया गया योगाभ्यास अवश्य मतदान करने की दिलाई गई शपथ
विकास कुमार यादव- बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र कटारा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी व स्वीप नोडल अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर जिले के सभी मतदान केंद्रों में बूथ लेवल अधिकारियों के द्वारा मतदाताओं के साथ योगाभ्यास किया गया, साथ ही स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका से उन्हें अवगत कराते हुए मतदाता शपथ भी दिलाया गया।
बूथ लेवल अधिकारियों ने उनके क्षेत्र के मतदाताओं से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर देश के लोकतंत्र के प्रति अपनी पहली जिम्मेदारी निभाने तथा मतदाता के रूप में पंजीकरण का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि फॉर्म 6 भरकर मतदाता अपना पंजीकरण करवा सकते हैं, साथ ही पूर्व पंजीकृत मतदाता अपने मतदाता विवरण में दर्ज त्रुटि सुधार के लिए, वोटर आईडी कार्ड गुम जाने, कट-फट जाने की स्थिति में द्वितीय प्रति तथा पता परिवर्तन के लिए फॉर्म 8 व मतदाता सूची से नाम विलोपन के लिए फॉर्म 7 भर सकते हैं। मतदाता स्वयं भी वोटर हेल्पलाइन तथा वोटर पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन कर सकते हैं।
शासकीय नवीन महाविद्यालय में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस और नशा मुक्ति कार्यक्रम _________
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/ 21 जून 2025/ शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर में अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के साप्ताहिक पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया । अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के द्वारा योगा कार्यक्रम आयोजित कर महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं शिक्षक गण कर्मचारी गण योगा कर हमेशा स्वस्थ रहने और समाज परिवार टोला मोहल्ला गांव तहसील जिला राज्य और देश में स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो इसके लिए एक प्रकार से योगा के माध्यम से शारीरिक मानसिक नैतिक हर तरह से स्वस्थ रहने और एक पेड़ मां के नाम कोई भी फल दायक छायादार अथवा स्वास्थ्य संबंधित पौधों को लगाकर देश में अपने छोटे-छोटे स्तर से प्रयास कर एक अच्छा माहौल और स्वस्थ जीवन जीने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर एक अच्छा कार्य करने का प्रयास किया गया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य जीतन राम पैकरा महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ सेल के अधिकारी और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल पुलिस प्रशासन बिहारपुर से आए हुए अधिकारी गण और महाविद्यालय के शिक्षक गण कर्मचारी गण और अधिक संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण भूमिका दिया।
*कलेक्टर ने प्रतापपुर क्षेत्र में उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से की चर्चा
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सुरजपुर, 21 जून 2025
विगत दिवस कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन द्वारा प्रतापपुर विकासखंड के दूरस्थ ग्राम पंचायतों भेलकच्छ, रमकोला, गोविंदपुर एवं घुई स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर राशन वितरण की स्थिति, गुणवत्ता और समयबद्ध आपूर्ति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने दुकान संचालकों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर तथा निर्धारित मात्रा में राशन सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान कलेक्टर श्री जयवर्धन ने चंदौरा ग्राम के स्वागत स्व-सहायता समूह द्वारा नाले पर निर्मित बाँध एवं उसके माध्यम से साग-सब्जी उत्पादन की भी प्रशंसा करते हुए स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण भ्रमण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रयास आवासीय विद्यालय कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु मेरिट सूची जारी, 23 से 25 जून तक रायपुर में होगी काउंसलिंग _________
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर, 20 जून 2025/ शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु वर्गवार मेरिट एवं प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है। यह सूची स्कूल शिक्षा विभाग की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट सूची में शामिल है, उन्हें निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य दस्तावेजों सहित काउंसलिंग में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
काउंसलिंग का आयोजन प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढियारी, जिला रायपुर में इस प्रकार किया जाएगा। 23 जून 2025- प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह (पीवीटीजी) के बालक वर्ग के लिए काउंसलिंग। 24 जून 2025- प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूह (पीवीटीजी) के बालिका वर्ग के लिए काउंसलिंग और 25 जून 2025- प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के बालक/बालिका के लिए काउंसलिंग। अधिक जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट को देखा जा सकता है।
कलेक्टर ने किया डबल लॉक विश्रामपुर का निरीक्षण, उर्वरक आपूर्ति और गुणवत्ता नियंत्रण के दिए निर्देश _________
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर, जून 2025/ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन द्वारा आज विश्रामपुर स्थित डबल लॉक समिति का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरकों की उपलब्धता, गुणवत्ता तथा वितरण व्यवस्था का जायज़ा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय पर और निर्बाध रूप से उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि कृषि कार्यों में कोई बाधा न आए। उन्होंने उर्वरकों के गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नकली खाद की बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा ऐसे प्रकरणों पर तत्काल और निरंतर कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान श्री जयवर्धन ने समिति में भंडारित उर्वरकों तथा स्टॉक पंजीयन का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं सम्बंधित उपस्थित रहे।
बाल श्रमिक सर्वेक्षण अभियान के तहत टास्क फोर्स ने किया निरीक्षण -05 राइस मिल व पंचवटी ढाबा का किया गया निरीक्षण
-9009998660, 7247679978, 9479219748 मो. नंबर पर बाल एवं किशोर श्रम से संबंधित शिकायत करें दर्ज
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/20 जून 2025/ कलेक्टर श्री एस जयवर्धन के निर्देश पर 30 जून तक जिले में बाल श्रमिक सर्वेक्षण अभियान का संचालन टास्क फोर्स द्वारा किया जा रहा है। जिसके तहत आज टास्क फोर्स द्वारा औद्योगिक क्षेत्र नयनपुर, गिश्वरगंज व सूरजपुर में संचालित 05 राइस मिल, महामाया राइस मिल, मित्तल राईस मिल, साकेत प्रोडक्ट इंडस्ट्रीज, ओम राइस प्रोडक्ट्स, विद्या गैस इण्डस्ट्रीज एवं पंचवटी ढाबा में निरीक्षण किया गया। जिसमें संचालकों को बाल श्रमिक अधिनियम के संबंध मे जानकारी दी गई एवं बाल श्रम उन्मूलन हेतु ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने की अपील भी की गई। इसके साथ ही बाल श्रम से संबंधी सूचना के प्रदर्शन हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर कार्यरत मजदूरों से उनके पारिश्रमिक एवं भुगतान संबंधी जानकारी लेते हुए उन्हें उनके हितों एवं विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
बाल एवं किशोर श्रम से संबंधित शिकायत के लिए जिला प्रशासन द्वारा मोबाइल नंबर जारी किया गया है। जिसके तहत श्रम कल्याण निरीक्षण श्री रमेश साहू मो. नं. 9009998660, , श्रम निरीक्षक मो. असलम परवेज कादरी मो.न. 7247679978 तथा श्रम उप निरीक्षक पंखासियुस मो.न. 9479219748 से संपर्क कर आम नागरिक बाल श्रम से संबंधित सूचना दे सकते है।

निरीक्षण में श्रम पदाधिकारी श्री के. केरकेट्टा, श्रम निरीक्षक मो. असलम परवेज कादरी, श्रम कल्याण निरीक्षण श्री रमेश साहू, श्रम उप निरीक्षक पंखासियुस, जिला बाल संरक्षण इकाई से अंजनी साहू, सामाजिक कार्यकर्ता पवन बीवर, आउटरीच वर्कर सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
हाथी-मानव संघर्ष रोकने वन विभाग की पहल रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथियों से सुरक्षा के लिए ग्रामीणों को मिला प्रशिक्षण
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर - वन परिक्षेत्र रामानुजगंज और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों से फसलों व मानव जीवन को हो रहे नुकसान को देखते हुए वन विभाग ने गठित हाथी मित्र दल को सक्रिय किया है। पिछले कुछ वर्षों में चाकी, महावीरगंज समेत कई गांवों में हाथियों के विचरण से फसलों को व्यापक क्षति हुई है, साथ ही ग्रामीणों में हाथियों से भय भी बनी हुई है। इसी के दृष्टिगत वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, हाथी विशेषज्ञ अमलेंदु मिश्रा, उप वनमंडलाधिकारी संतोष पांडे, परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना की उपस्थिति ग्राम चाकी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें हाथियों के व्यवहार, उनके भटकने के कारण तथा उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने के वैज्ञानिक तरीके समझाए गए।
इस दौरान ग्राम पंचायत पुरुषोत्तमपुर में ग्रामीणों को काफी समय से विचरण कर रहे हाथी से बचने के उपाय, उनकी समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया गया साथ ही उनकी मांग अनुसार सोलर हाई मास्ट लाइट, सोलर फेन्सिग के प्रस्ताव पारित कर मांगों को पूरा करने हेतु आश्वासन दिया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि हाथी मित्र दल ग्रामीणों को सूचना देगा कि हाथी आते समय क्या करें और क्या नहीं, जैसे रात में खेतों पर न जाना, घरों के गेट बंद रखना तथा तुरंत वन विभाग को सूचित करना। इसके अतिरिक्त गश्त दल स्थानीय जंगलों में नियमित निगरानी बढ़ाएगा साथ ही अलर्ट सिस्टम व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से हाथी की आगमन आशंका समय पर साझा की जाएगी। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और तकनीकी माध्यमों के संयोजन से यह अभियान फसल संरक्षण, जान-माल की रक्षा और हरित मानव सह-अस्तित्व के दिशा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रशिक्षण से हाथी मानव संघर्ष घटेगा, फसलों व घरों को क्षति कम होगी।
30 जून तक राशनकार्ड में सदस्यों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य ‘‘मेरा ई-केवायसी’’ एप के माध्यम से हितग्राही स्वयं कर सकते हैं ई-केवायसी
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर
-जिला खाद्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि भारत सरकार, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के निर्देशानुसार राज्य में ‘‘एक राष्ट्र एक राशनकार्ड’’ योजना अंतर्गत सभी हितग्राहियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न वितरण किया जाना है। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत 2,31,284 राशनकार्ड प्रचलित हैं, इन राशनकार्डों में 7,90,177 सदस्य पंजीकृत हैं, इन सदस्यों में से 6,90,933 सदस्यों का ई-केवायसी पूर्ण हो चुका है तथा 99,244 सदस्यों का ई-केवाईसी होना शेष है। भारत सरकार द्वारा 5 वर्ष से कम उम्र के सदस्यों को ई-केवायसी में छूट दिया गया है। सभी उचित मूल्य दुकानों में ई-पास मशीन में ई-केवायसी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा जारी मेरा ई-केवाईसी एप के माध्यम से हितग्राही राज्य का चयन कर अपना आधार नंबर डालकर आधार ओटीपी के माध्यम से ई-केवाईसी कर सकते हैं। राशनकार्ड में पंजीकृत सभी हितग्राही जिन्होंने अभी तक ई-केवायसी नहीं कराया है, ऐसे सभी हितग्राही किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए 30 जून 2025 तक अपना ई-केवायसी अवश्य करायें
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई तक
विकास कुमार यादव- बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर - पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय टांगरमहरी बलरामपुर के प्राचार्य ने जानकारी दी है कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रवेश परीक्षा के लिए विद्यार्थी कक्षा 5वीं में मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत होना चाहिए तथा उनका जन्म 01 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के मध्य हो। इच्छुक विद्यार्थी नवोदय संस्था के वेबसाइट नवोदय डॉट जीओवी डॉट इन पर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2025 तक निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने चाहते हैं वे उक्त तिथि तक आवेदन पत्र भर सकते हैं। चयन परीक्षा 13 दिसंबर 2025 दिन शनिवार को आयोजित की जायेगी। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन नम्बर-9452186798, 9343238299 एवं 8285056645 पर संपर्क किया जा सकता है