जिला

प्रिंसिपल पर बच्चों से मारपीट और गाली-गलौज का आरोप

बलरामपुर

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक प्रिंसिपल पर बच्चों के साथ मारपीट और गाली-गलौज का आरोप है। इस मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिला शिक्षा अधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। जबकि प्रिंसिपल ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।

यह मामला रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे कुछ बच्चे हाई स्कूल मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान उनकी गेंद शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चली गई। जब बच्चे गेंद लेने गए, तब कथित तौर पर प्राचार्य ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

एक बच्चे के साथ मारपीट का भी आरोप है। बच्चों के पेरेंट्स ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है। जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री परमानंद कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, कन्या स्कूल के प्रिंसिपल बागर साय ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे जब स्कूल में पहुंचे तो 8-10 बच्चे अंदर क्रिकेट खेल रहे थे। उन्होंने बच्चों का क्रिकेट किट जब्त कर लिया और कहा कि अभिभावकों के साथ आने पर ही किट वापस किया जाएगा।

उन्होंने मारपीट और गाली-गलौज की बात से इनकार किया है। इधर, शिकायतकर्ता पेरेंट्स का आरोप है कि प्रिंसिपल का व्यवहार बच्चों के प्रति उचित नहीं था। उन्होंने क्रिकेट किट जब्त करने के साथ-साथ बच्चों से दुर्व्यवहार भी किया।

Leave Your Comment

Click to reload image