अफवाहों, बढ़ती कीमतों और युद्ध की आशंकाओं के बीच पंपों पर उमड़ी भीड़
राजधानी से लेकर भिलाई और बिलासपुर तक लंबी कतारें, कई पंपों पर विवाद की स्थिति; प्रशासन ने कहा-स्टॉक पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं
रायपुर। राजधानी रायपुर समेत दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में शुक्रवार को पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह से ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवाने में जुटे रहे। सोशल मीडिया पर ईंधन की कमी और आने वाले दिनों में कीमतों में भारी बढ़ोतरी की चर्चाओं ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
कुछ पेट्रोल पंप में पहले पेट्रोल भराने को लेकर लोगों के बीच धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य कराई। वहीं कुछ पेट्रोल पंपों पर इतनी अधिक भीड़ उमड़ी कि संचालकों को कुछ समय के लिए पंप बंद करने पड़े।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल की कीमत करीब 103 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने के बाद लोगों में डर का माहौल बन गया है। कई लोग देर रात तक पेट्रोल भरवाते नजर आए। लोगों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां और बिगड़ीं तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें और बढ़ सकती हैं। डीजल महंगा होने की आशंका से ट्रांसपोर्ट सेक्टर और आम जनता दोनों चिंतित हैं, क्योंकि इसका सीधा असर सब्जियों, राशन और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर पड़ सकता है।
हालांकि पेट्रोल कुछ पंप संचालकों और प्रशासन का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। अधिकारियों के अनुसार पेट्रोल खत्म होने की खबरें सिर्फ अफवाह हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही चर्चाओं ने लोगों में भय और असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है।
मुख्यमंत्री ने भी इस पूरे मामले पर बयान देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए केंद्र सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिकों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही लोगों से सीमित और जरूरत के अनुसार ही ईंधन उपयोग करने की अपील की गई है।
इसके बावजूद लोगों के मन में सवाल बना हुआ है कि यदि सप्लाई सामान्य है तो हाइवे के कई पेट्रोल पंप बंद क्यों दिखाई दे रहे हैं और खुले पंपों में इतनी भारी भीड़ क्यों उमड़ रही है। फिलहाल प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।
कुछ पेट्रोल पंप में विवाद की स्थिति, पुलिस को संभालना पड़ रहा मोर्चा
रायपुर जिले के कई पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने को लेकर लोगों के बीच जमकर बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति देखने को मिल रही है । मौके पर भारी भीड़ जमा हो रही है, जिसके कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था बनी हुई है ।पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाइश देकर लाइन व्यवस्थित करा रही है ।
प्रशासन की अपील-अफवाहों से बचें, स्टॉक पर्याप्त
प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।शासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने से बचें। प्रशासन का कहना है कि पैनिक खरीदारी से ही अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।