रायपुर में NHM कर्मचारियों का जेल भरो आंदोलन
रायपुर
छत्तीसगढ़ में नियमितीकरण समेत 10 मांगों को लेकर NHM संविदा कर्मचारी एक महीने से हड़ताल पर हैं। बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर 3 संभाग के 10 हजार कर्मचारियों ने गुरुवार को नया रायपुर में जेल भरो आंदोलन किया। प्रशासन ने राजेश्वर मैदान को लगभग डेढ़ घंटे तक एक प्रतीकात्मक जेल के तौर पर बदल दिया था। डेढ़ घंटे तक इस प्रतीकात्मक जेल में यह कर्मचारी बंद रहे।
इसके बाद हर कर्मचारी का नाम और हस्ताक्षर लिए गए और उन्हें छोड़ दिया गया। रायपुर NHM संघ के जिला अध्यक्ष ने बताया कि आंदोलन के बाद बाकी कर्मचारी अपने-अपने जिले लौट गए। कल से यह आंदोलन जिला स्तर पर जारी रहेगा। कर्मचारियों का कहना है कि मांगे पूरी नहीं होती है तो उग्र आंदोलन और आत्मदाह भी करेंगे।
छत्तीसगढ़ में NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल का आज 32वां दिन रहा। सरकार ने 16 सितंबर तक सभी कर्मचारियों को काम पर लौटने का फाइनल अल्टीमेटम दिया था। लेकिन कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखा।
बता दें कि कर्मचारी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे हैं। इनमें से पांच पर मौखिक सहमति बन चुकी है। बाकी पांच पर राज्य सरकार ने अपना स्टैंड क्लियर नहीं किया है। दूसरी ओर कर्मचारियों का कहना है कि मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा। सभी 10 मांगे लिखित में पूरी करनी होगी।