अवैध रेत खनन...कांग्रेस विधायक को मिलने थे 3 लाख:
जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध तरीके से रेत खनन कारोबार जारी है। इस बीच कांग्रेस की महिला विधायक का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें रेत खनन और परिवहन के साथ ही कलेक्टर-SDM को पैसे देने की बात की जा रही है। विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए वायरल ऑडियो को AI जनरेट बताया है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला दिसंबर 2024 का है। अवैध रेत खनन को लेकर कांग्रेसी और अधिकारियों के बीच 11 लाख में डील हुई थी। वायरल ऑडियो में रेत खनन के लिए तत्कालीन कलेक्टर 3, एसडीएम 2, विधायक को 5 लाख और राघवेंद्र नाम के शख्स को 1 लाख रुपए दिए जाने की बातचीत हो रही है।
इस मामले में विधायक शेशराज हरबंश ने कहा कि जब से उनका नाम चुनाव में प्रत्याशी के रूप में सामने आया, तभी से कांग्रेस के कुछ लोग उन्हें हराने में जुटे रहे। अब जब वह जीतकर विधायक बनी हैं, तब बीजेपी और कांग्रेस के कुछ नेता मिलकर उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
विधायक ने कांग्रेस के पदाधिकारी राजेश भारद्वाज पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पामगढ़ की एक सरकारी जमीन को फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कर उसे बेचा। इस मामले को दबाने के लिए राजेश भारद्वाज ने उन्हें कथित रूप से पैसे और जमीन का प्रलोभन भी दिया। जब उन्होंने यह ऑफर ठुकरा दिया, तो उन्हें बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
विधायक ने आरोप लगाया है कि उनकी ही पार्टी के कुछ सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची है। उन्होंने दावा किया कि इस षड्यंत्र के तहत कुल 6 ऑडियो क्लिप वायरल की गई हैं।
विधायक ने यह स्वीकार किया है कि इन वायरल ऑडियो में से एक ऑडियो उनका असली है, जिसमें उन्होंने अधिकारियों से चालान काटने और एक गाड़ी छुड़वाने की बात की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बातचीत करीब एक साल पुरानी है।
शेशराज हरबंश ने इस मामले की शिकायत पार्टी स्तर पर करने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच करवाने के लिए पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।