विवादों में रहता है पंचायत सचिव, पहंड़ोंर के ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ को सौंपा ज्ञापन
उतई। ग्राम पंचायत पतोरा से स्थानांतरित किए गए पंचायत सचिव महेंद्र साहू को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम पंचायत पतोरा में विरोध के बाद उनका तबादला पहंड़ोंर ग्राम पंचायत में किया गया, लेकिन यहां भी ग्रामीणों ने उनके प्रभार लेने से पहले ही विरोध शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पतोरा ग्राम पंचायत में पदस्थ रहते हुए महेंद्र साहू के खिलाफ ग्रामीणों ने नाराजगी जताई थी और पंचायत में तालाबंदी तक की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन ने उनका स्थानांतरण पहंड़ोंर ग्राम पंचायत में कर दिया।अब पहंड़ोंर के ग्रामीणों ने भी महेंद्र साहू का विरोध करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों की मांग है कि वर्तमान में कार्यरत सचिव को ही यथावत रखा जाए और महेंद्र साहू को पंचायत में पदभार ग्रहण करने की अनुमति न दी जाए।
ग्राम पंचायत की सरपंच माया गजेंद्र मढ़रिया सहित पंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि महेंद्र साहू जहां-जहां पदस्थ रहे हैं, वहां वे विवादों में घिरे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के सुचारू संचालन और विकास कार्यों की निरंतरता के लिए ऐसे सचिव की आवश्यकता है, जो पारदर्शी और विवादमुक्त कार्यशैली अपनाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में गंभीरता से विचार करते हुए उनकी मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। जिला पंचायत को ज्ञापन सौंपने वालो में गायत्री वर्मा, रेखा यादव, सरिता, पद्मा, अनिता, मुन्नी बाई, रोहिणी बाई, हेमलता, ललिता, मधु, मालती , रोहित सहित अन्य पंच और ग्रामीण शामिल है।